जोगबनी एक्सप्रेस का इंजन फेल, यात्री परेशान
जमानियां (गाजीपुर) : स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप लूप लाइन में इंजन खराब होने से सुपर फास्ट जोगबनी एक्
जमानियां (गाजीपुर) : स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप लूप लाइन में इंजन खराब होने से सुपर फास्ट जोगबनी एक्सप्रेस शुक्रवार की सुबह आठ बजे खड़ी हो गई। ढाई घंटे बाद मुगलसराय से दूसरा इंजन मंगाया गया। इसके बाद ट्रेन मुगलसराय की ओर रवाना हुई।
दिलदारनगर स्टेशन पर ही इंजन में गड़बड़ी आ गई थी। चालक ने वहां पैनल रूम में इसकी जानकारी दी। तब धीमी गति से ट्रेन को यहां लाया गया। लूप लाइन में इंजन पूरी तरह फेल हो गया। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन से उतरकर बहुत से यात्री स्टेशन पर आ गए। सिक्का लगाकर स्टार्टर सिग्नल रेड किया गया। इसके बाद पैनल रूम से सिग्नल ग्रीन किया गया।
तब जानकारी दी गई कि यात्रियों की सुविधा के लिए लूप लाइन के सामने मेन लाइन पर दूसरी ट्रेन रोकी जाएगी। यात्रियों को प्लेटफार्म पर आने की जरूरत नहीं है। घंटा भर बाद विभूति एक्सप्रेस पहुंची। बहुत से यात्री उसमें सवार होकर मुगलसराय की ओर बढ़ गए। वहीं कई यात्री जोगबनी एक्सप्रेस में ही रुके रहे। दूसरा इंजन आने के बाद सुपर फास्ट जोगबनी एक्सप्रेस से यात्री गंतव्य की ओर रवाना हुए।