जाम से पुलिस अधीक्षक भी हुए दो-चार
गाजीपुर : यातायात माह में भी जाम से शहर को मुक्ति नहीं मिल पा रही है। यातायात पुलिस अपने दायित्वों क
गाजीपुर : यातायात माह में भी जाम से शहर को मुक्ति नहीं मिल पा रही है। यातायात पुलिस अपने दायित्वों की पूर्ति के बजाय कोरम पूरा करने में ही मगन है। पुलिस कप्तान डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव भी सोमवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे फुल्लनपुर क्रासिंग पर लगे जाम से दो-चार हुए। क्रासिंग खुलने के घंटे भर बाद तक जाम से निजात नहीं मिलने पर उन्होंने सीओ सिटी कमलकिशोर और यातायात उप निरीक्षक दीपक श्रीवास्तव की क्लास लगाई तो पुलिसकर्मी हांफते-दौड़ते वहां पहुंचे और आवागमन को बहाल कराया।
सड़क पार करते समय दें ध्यान
यातायात माह के 17वें दिन ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने सनबीम स्कूल में प्रोजेक्टर के जरिए बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी। सड़क पर सदैव बाएं से चलने, मोड़ पर दोनों तरफ वाहनों के करीब न होना सुनिश्चित होने पर ही सड़क पास करने की जानकारी दी। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी और ओवरलोड वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान 25 वाहनों पर 5600 रुपये जुर्माना ठोंका गया।
'जीवन है अनमोल' का कराया भान
गाजीपुर : सामाजिक संस्था समग्र विकास इंडिया के कार्यकर्ता सोमवार को यातायात अभियान का हिस्सा बने। फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग पर जिला पंचायत सदस्य ब्रजभूषण दुबे के नेतृत्व में वाहन चालकों को 'जीवन है अनमोल' का भान कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। बिना हेलमेट के बाइक चला रहे तीन अधिवक्ताओं को टोका तो उन्होंने आगे से सुरक्षित आवागमन की बात कही।
विपरीत साइड में बाइक खड़ी करने वाले पुलिसकर्मियों को भी टोका गया। इसके अलावा आसपास की चाय की दुकानों पर प्लास्टिक की गिलास का उपयोग बंद करने की अपील की। इस अभियान में शिक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, अविनाश सिंह, रुद्रेश निगम, नीरज सिंह, सलमान, नागेंद्र शर्मा, अजय यादव, अभिषेक राय आदि शामिल हुए।