समीक्षा से पहले ही सामने आई गुटबंदी
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : समाजवादी पार्टी की शुक्रवार को डाक बंगला परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक गुटबं
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : समाजवादी पार्टी की शुक्रवार को डाक बंगला परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक गुटबंदी की भेंट चढ़ गई। एक गुट जहां पर्यवेक्षक को अपने यहां आयोजित बैठक में आने से काफी खुश था वहीं दूसरे खेमे ने जिलाध्यक्ष मुर्दाबाद व पर्यवेक्षक रामाधार वापस जाओ की नारेबाजी की। कुछ देर के लिए माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों को भिड़ने से बचाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
सपा नेता दयानंद यादव, झम्मन यादव, अनिल निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष पंचरत्नी देवी आदि नेताओं के साथ पार्टी कार्यकर्ता डाक बंगला में बैठकर पर्यवेक्षक का इंतजार कर रहे थे। वहीं दूसरे गुट ने राजेश राय के आवास स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित किया था। यहीं पर जिला अध्यक्ष राजेश कुशवाहा के साथ पर्यवेक्षक रामाधार सिंह पहुंचे। वहां से निकल कर पर्यवेक्षक डाक बंगला में नहीं गए।
इस कारण यहां जुटे कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और विरोध में नारा लगाने लगे। उनका आरोप था कि जिलाध्यक्ष ने जानबूझकर पर्यवेक्षक को कार्यकर्ताओं से नहीं मिलने दिया। उन्होंने चेताया कि अध्यक्ष के इस रवैये पर शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय (समता भवन) पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया जाएगा। उधर पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के बीच पर्यवेक्षक रामाधार सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता आपसी गुटबंदी को छोड़ अगले विधानसभा चुनाव की तैयारी में लग जाएं।
लोकसभा चुनाव के दौरान जो गलती की गई उसकी पुनरावृत्ति न हो। इस दौरान उन्होंने बंद कमरे में कार्यकर्ताओं की बातें सुनी। राजेश राय पप्पू ने पर्यवेक्षक को अंगवस्त्रम् व स्मृति चिह्न भेंट किया। बैठक में पूर्व सांसद जगदीश कुशवाहा, सरजू यादव, अभय नारायण यादव, रामबचन यादव, धनजी सिंह, साधु यादव, विजय यादव, कमलेश राय शर्मा, बंगाली राय आदि मौजूद थे।