कार्यकर्ताओं ने खोली भितरघातियों की पोल
गाजीपुर : समाजवादी पार्टी के 'संगठन आपरेशन' को जिले में पर्यवेक्षक बनकर आए रामाधार सिंह के समक्ष गुर
गाजीपुर : समाजवादी पार्टी के 'संगठन आपरेशन' को जिले में पर्यवेक्षक बनकर आए रामाधार सिंह के समक्ष गुरुवार को सदर व जमानियां विधानसभा क्षेत्र के भितरघातियों की पोल खुली। बूथ अध्यक्षों ने लंबी कतार लगाकर उपेक्षा करने वाले दिग्गजों और संगठन के पदाधिकारियों के खिलाफ मन का गुबार लगाया। कई ने तो खुद के निजी प्रकरण में भी अपने ही नेताओं द्वारा विपक्षियों की मदद करने का आरोप मढ़ा। पर्यवेक्षक ने उनकी बात को पार्टी मुखिया तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
नगर के बंशी बाजार स्थित लोहिया भवन में पर्यवेक्षक को बयान दर्ज कराने के लिए दोपहर दो बजे के पहले से ही बूथ अध्यक्षों का जमावड़ा लग गया था। कुछ दिग्गज अपने पक्ष में माहौल बनाने के प्रयास में कार्यकर्ताओं से प्रेमपूर्ण तरीके से बात करते रहे। कार्यकर्ता अपने नेता का टैंपो हाई करने के लिए उनके जिंदाबाद के नारे भी लगा रहे थे। समीक्षा से पहले हुई बैठक में पर्यवेक्षक श्री सिंह जिले में पार्टी में गुटबाजी को नुकसानदायक बताए।
कहा कि सरकार की नीतियों को जनता के बीच ले जाने के बजाय आपस में गुटबंदी किसी भी लिहाज से ठीक नहीं है। इस दौरान धर्मार्थ कार्य मंत्री विजय मिश्र, जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा, पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह, जगदीश कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामधारी यादव आदि मौजूद थे।
चमचमाएंगी सड़कें, दूर होगा बिजली संकट
भदौरा : सिंचाई विभाग के डाक बंगला में जमानियां विधानसभा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान पर्यवेक्षक रामाधार सिंह ने कार्यकर्ताओं को कदम से कदम मिलाकर चलने को प्रेरित किया। पर्यटन मंत्री ओमप्रकाश सिंह भावी योजनाएं गिनाने लगे। कहा कि साल भर में सभी सड़कें चमचमाएंगी तो बिजली संकट नहीं रहेगा। रणजीत यादव, शमशाद खां, केशरी यादव, मारकंडेय सिंह, मन्नू सिंह, अनिल यादव, धर्मेद्र पांडे, दिनेश लाल, जलालुद्दीन खां आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता कलाम खां व संचालन ब्लाक अध्यक्ष अशोक सिंह ने किया।