पेड़ से लटकता मिला युवक का शव
बहरियाबाद (गाजीपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र के मलिकन गांव निवासी राजेंद्र मौर्य (40) पुत्र पतिराम का
बहरियाबाद (गाजीपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र के मलिकन गांव निवासी राजेंद्र मौर्य (40) पुत्र पतिराम का शव शुक्रवार की सुबह नीम के पेड़ रस्सी के सहारे लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मलिकान निवासी राजेंद्र गुरुवार की रात घर के सदस्यों को बिना बताए बाहर चले गए। दीपावली का दिन होने के चलते घरवालों ने सोचा कि वह किसी दोस्त के यहां गए होंगे। देर रात तक जब वह नहीं लौटे तो घरवालों को चिंता सताने लगी। खोजबीन शुरू हुई लेकिन राजेंद्र का कहीं सुराग नहीं लगा। सुबह ग्रामीण शौच करने गए तो युवक का शव पेड़ से लटकता दिखा। शोर-शराबा पर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
बाद में उसकी पहचान राजेंद्र के रूप में की गई। राजेंद्र की मौत की सूचना पर पत्नी पुष्पा व घर के अन्य सदस्य भी रोते-बिलखते पहुंचे। घरवालों ने बताया कि कुछ दिनों से राजेंद्र की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उसका इलाज चल रहा था। राजेंद्र की दो पुत्री व एक पुत्र है। थानाध्यक्ष अमरजीत यादव ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह क्यों और किस परिस्थिति में फांसी लगाया, जांच की जा रही है।