चकरोड कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : तहसील परिसर में मंगलवार को मुख्य तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिक
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर) : तहसील परिसर में मंगलवार को मुख्य तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान 164 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र दिया जिसके सापेक्ष 11 का निस्तारण किया गया। ग्राम बड्डेपुर चकिया गंाव के लेखपाल बालेश्वर राम को इस माह से वरासत न करने पर उपजिलाधिकारी ने निलंबित कर दिया। जिलाधिकारी ने चकरोड, सड़क एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि अगर कहीं पर भी सार्वजनिक रास्ता को लेकर विवाद हो तो वहां पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करें, नहीं तो ऐसे विवाद बाद में बड़ा रूप अख्तियार कर लेते हैं। अगर मामला दो विभागों से संबंधित है तो दोनों समन्वय बनाकर उसे सुलझाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व एवं पुलिस से संबंधित प्रार्थना पत्रों की संख्या अधिक है। इनके निस्तारण में तेजी लाई जाए। कहा कि आगे से मुख्य तहसील दिवस में केवल विभागों के मुखिया ही शामिल होंगे। प्रार्थना पत्रों का निस्तारण संबंधित विभाग 30 अक्टूबर तक अवश्य कर लें। लंबित मामले भी तीन दिन में निबटाए जाएं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक डा. उमेश चंद्र श्रीवास्तव, सीडीओ रामअवतार पाल, सीआरओ मनमोहन चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि मौजूद थे।
सैदपुर : तहसील दिवस में उपजिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह के सामने 51 मामले प्रस्तुत हुए। केवल एक का निस्तारण हो पाया। सबसे अधिक मामले राजस्व व पुलिस विभाग के थे। इस अवसर पर भाजयुमो जिला कोषाध्यक्ष राधेश्याम मोदनवाल ने पत्रक देकर नगर में एलपीजी सिलेंडर के वितरण में धाधली पर रोक लगाने की मांग की।
जखनिया : स्थानीय तहसील दिवस में एडीएम मुरलीधर मिश्र की मौजूदगी में कुल 97 शिकायतें प्राप्त हुईं। मौके पर चार का निस्तारण किया गया। इसमें एसडीएम सत्येंद्र श्रीवास्तव, तहसीलदार ओमप्रकाश सहित तहसील के अधिकारी उपस्थित थे।
जमानियां : तहसील दिवस के दौरान 55 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत हुए। इसमें पांच का निस्तारण किया गया। अध्यक्षता एसडीएम कैलाश सिंह ने की।
मिली योजनाओं की जानकारी
मुहम्मदाबाद : तहसील दिवस के मौके पर पहली बार स्वास्थ्य विभाग, कृषि, उद्यान विभाग,जिला समाज कल्याण, बाल विकास परियोजना विभाग की ओर से स्टाल लगाया गया था। स्टाल पर मौजूद कर्मी लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी दे रहे थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाल से एचआईवी एड्स से बचाव संबंधी जानकारी के साथ-साथ साहित्य व कृमि नाशक, क्लोरीन की गोली व परिवार नियोजन से जुड़े आइटम का नि:शुल्क वितरण किया जा रहा था। कृषि विभाग के स्टाल से किसानों को खेती के बारे में जानकारी दी गई।