जाम से कराह उठा शहर, राहगीर परेशान
गाजीपुर : ओवरलोड वाहनों की वजह से शहर शुक्रवार को एक बार फिर जाम से कराह उठा। जिधर देखो जाम ही जाम न
गाजीपुर : ओवरलोड वाहनों की वजह से शहर शुक्रवार को एक बार फिर जाम से कराह उठा। जिधर देखो जाम ही जाम नजर आ रहा था। स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे घंटों जाम में फंसे रहे। एंबुलेंस में मरीज तड़पते रहे। जाम में फंसे लोग पुलिस को ही कोस रहे थे।
रौजा ओवर ब्रिज निर्माण के चलते भारी वाहनों का आवागमन लंका-अंधऊ बाईपास से होता है। ओवरलोड वाहनों के आवागमन से इस सड़क पर रोजाना जाम लगता है। सबसे ज्यादा समस्या सुबह दस व शाम को चार बजे के करीब होती है। शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। करीब साढ़े दस बजे ट्रेन के जाने के लिए रेलवे फाटक बंद हुआ तो वाहनों की कतार लग गई।
उसी दौरान कुछ ओवरलोड वाहन भी आ गए। इससे पूरी सड़क जाम हो गई। जाम में फंसे कर्मचारी देर से दफ्तर पहुंचे। मरीज एंबुलेंस में कराहते रहे लेकिन कहीं भी यातायात पुलिस नहीं दिखी। खैर किसी तरह घंटे भर बाद जाम समाप्त हुआ। दोपहर में फिर वही स्थिति हो गई। लंका से लगायत बकुलियापुर तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। सिटी रेलवे स्टेशन को जाने वाली सड़क भी पूरी तरह जाम हो गई थी। राहगीरों का कहना था कि अगर एक-दो पुलिस कर्मी फुल्लनपुर रेलवे क्रासिंग पर तैनात रहते तो शायद यह स्थिति नहीं होती।