चरित्र उत्थान समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता
गाजीपुर : बलिया से बाबा जय गुरुदेव महाराज के शिष्यों की जन जागरण यात्रा शुक्रवार को जिला मुख्यालय पह
गाजीपुर : बलिया से बाबा जय गुरुदेव महाराज के शिष्यों की जन जागरण यात्रा शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंची। लंका मैदान में आयोजित सत्संग में जय गुरुदेव के उत्तराधिकारी व जय गुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था के अध्यक्ष पंकज महाराज ने कहा कि समाज में बहुत सी बुराइयां और अपराध अशुद्ध खानपान के कारण हैं। चरित्र उत्थान आज की आवश्यकता है। यह शाकाहार अपनाने व नशा का त्याग करने से ही संभव है।
उन्होंने कहा कि युग महापुरुष बाबा जय गुरुदेव महाराज ने मनुष्य शरीर को किराए का मकान बताया है। गृहस्थ जीवन में रहकर अपनी रोजी रोटी मेहनत और ईमानदारी से कमाने की शिक्षा दी। उन्होंने अच्छे समाज के निर्माण के लिए अथक परिश्रम किया। करोड़ों लोगों को सूरत शब्द योग (नाम योग) की सरल साधना का रास्ता बताया। शाकाहार अपनाने व चरित्र निर्माण का कार्यक्रम निरंतर चलाया जा रहा है।
आंखों में मा, बेटी और बहन की पहचान जरूरी है तभी हमारा समाज अच्छे ढंग से चलेगा। कहा कि 40 दिवसीय यात्रा मथुरा आश्रम से चलकर जन-जन को शाकाहार, नशा त्याग व प्रभु प्राप्ति की प्रेरणा के साथ समाजिक समरसता लाने के लिए निकली है। स्वामी घूरे लाल महाराज का 66वां वार्षिक भंडारा एवं सत्संग मेला 28 नवंबर से दो दिसंबर तक मथुरा में आयोजित है।
सत्संग के बाद जन जागरण शोभा यात्रा चंदौली के लिए प्रस्थान कर गई। इस मौके पर महामंत्री रामकृष्ण यादव, विनय कुमार सिंह, इंद्रदेव यादव, राम लक्ष्मण यादव, हरिनाथ यादव, रामायण यादव, राजमन राम, परमानंद, मुन्नी लाल पटेल, सुदर्शन आदि शामिल थे।