अंधेरे में गुजरी शहरवासियों की रात
गाजीपुर : बिजली विभाग को वसूली की फिक्र तो है मगर आपूर्ति की चिंता तनिक भी नहीं। नवरात्र में कटौती न होने के निर्देश के बावजूद बिजली गायब होने का सिलसिला बना हुआ है। कंट्रोल के आदेश पर आपात कटौती के कारण शनिवार की पूरी रात अंधेरा रहा। बिजली नहीं होने से गर्मी व उमस से लोग परेशान रहे। सुबह पेयजल के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। सुबह आठ बजे आपूर्ति चालू होने के कुछ ही देर बाद फिर ठप हो गई।
बीते शनिवार को वाराणसी की विजलेंस टीम ने छापेमारी कर तीन लोगों के नाम एफआइआर दर्ज कराई। वसूली के लिए मुनादी कराई जा रही है। बिल में सुधार के लिए सहायक अभियंता की तैनाती की गई है लेकिन आपूर्ति में सुधार की कोई गुंजाईश नहीं दिख रही है। शनिवार की शाम कंट्रोल के आदेश पर देर रात तक आपूर्ति बंद रही। रात डेढ़ बजे आपूर्ति चालू हुई। कुछ ही देर बाद दोबारा बिजली गुल हो गई।
रोज की भांति सुबह आठ बजे आपूर्ति चालू हुई लेकिन कुछ ही देर बाद तलवल के पास ट्रांसमीशन का तार टूटने के कारण आपूर्ति फिर बंद हो गई। मरम्मत के बाद साढ़े नौ बजे आपूर्ति बहाल हुई। पूरी रात अंधेरा रहने के बाद लोग गर्मी से राहत के लिए छत पर टहलते रहे। आपूर्ति नहीं रहने से पेयजल के लिए लोगों को परेशान होना पड़ा। रविवार को अवकाश का दिन होने के कारण लोग देर तक बिस्तर में पड़े रहे।
विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अवर अभियंता अकबर अली ने बताया कि विद्युत उत्पादन कम हो रहा है। आपूर्ति अधिक होने पर ग्रिड फेल होने का खतरा होने के कारण कंट्रोल के आदेश पर आपात कटौती की जा रही है। सुबह ट्रांसमीशन का तार टूटने से आपूर्ति बंद की गई थी।