गहमागहमी के बीच उद्योग व्यापार मंडल का हुआ चुनाव
गाजीपुर : उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल (पंजीकृत) के चुनाव को लेकर रुई मंडी स्थित जेपीजे ज्ञानदीप अकादमी में रविवार की शाम काफी गहमागहमी रही। इस दौरान बड़ी संख्या में व्यापारियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। नवीन जायसवाल युवा तथा परवेज अहमद नगर इकाई के अध्यक्ष चुने गए। इनके अलावा नगर इकाई के लिए गोपाल जी वर्मा महामंत्री, अविनाश त्रिपाठी कोषाध्यक्ष और दुर्गा प्रसाद वर्मा संगठन मंत्री निर्वाचित किए गए।
संगठन की नगर इकाई के लिए अध्यक्ष के अलावा सुनील कुमार वर्मा महामंत्री, शाहिद अहमद कोषाध्यक्ष और ओमप्रकाश गुप्त संगठन मंत्री चुने गए। इन पदाधिकारियों के निर्विरोध चुने जाने की घोषणा चुनाव अधिकारी निरगुन दास केशरी ने की। चुनाव प्रक्रिया के तहत पहले पर्चा दाखिला हुआ। इसके एक घंटे बाद निर्वाचित पदाधिकारियों का एलान किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने संगठन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की।
वक्ताओं में नगर पालिका परिषद के चेयरमैन विनोद अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन रोहिणी कुमार मुन्ना, इबरत भाई, सरदार दर्शन सिंह, श्याम सुंदर अग्रवाल, दुर्गा जायसवाल आदि शामिल थे। अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विजय शंकर वर्मा व संचालन महामंत्री संतोष जायसवाल ने किया।