कुएं में रोशनी की अफवाह, जुटी भीड़
शादियाबाद (गाजीपुर) : क्षेत्र के खतीबपुर सिधार गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पास कुएं में नागमणि की अफवाह पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। कुएं से रोशनी निकल रही थी। प्रशासन ने दमकल की मदद से कुएं का पानी निकलवाया। इसके बाद कूप से रोशनी आना बंद हो गई। बावजूद इसके लोगों की भीड़ जुटी रही।
गांव के रामवृक्ष ने बताया कि वह भोर में चार बजे पूजा के लिए कुएं के पास पानी निकालने गए। उन्हें अंदर से तेज प्रकाश दिखाई दिया। कुएं के अंदर कोई चीज चमक रही थी। यह बात पूरे क्षेत्र में जंगल की आग की तरह फैल गई। लोग कौतूहलवश मंदिर की तरफ भागने लगे। देखते देखते वहां काफी संख्या में भीड़ जुट गई। लोग तरह-तरह की चर्चा में लगे रहे। मौके पर पुलिस भी पहुंची।
इसके बाद जिला मुख्यालय से दमकल की गाड़ी भी मंगवाई गई। रास्ता पतला व पानी भरा होने के कारण गाड़ी मंदिर तक नही पहुंच पाई। मजबूरन पुलिस ने इंजन वाला दमकल मंगवाया। इसके बाद कुएं से पानी निकाला जाने लगा। पास के नहर के कारण कुएं में पानी फिर भर जाता था। हालांकि पानी निकालने के साथ ही कुएं से रोशनी आना भी बंद हो गई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।