काली घटाओं से मौसम हुआ सुहाना
गाजीपुर : सुबह से ही आसमान में छाए रहे बादल। रविवार को कुछ इलाकों में बूंदा-बांदी भी हुई। बारिश के बाद मौसम ने लोगों को सुखद अहसास कराया। अवकाश का दिन होने के कारण लोगों ने घर में रहकर मौसम का आनंद उठाया। दोपहर बार निकली धूप से उमस और गर्मी बढ़ा दी। हालांकि बारिश की आस लगाए बैठे किसानों को निराशा मिली।
बीते कुछ दिनों से आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी हुई है। भोर में काली घटाएं छा गई। लोगों को बारिश की उम्मीद बंधी। कुछ स्थानों पर बूंदा-बांदी भी हुई। बरसात के बाद चली ठंडी हवा से लोगों ने राहत महसूस की। वहीं दोपहर बाद निकले भगवान भास्कर ने तेवर दिखाए। हालांकि बादल होने के कारण धूप का अधिक असर नहीं दिखा। नमी का वातावरण होने के कारण गठिया पीड़ितो के लिए समस्या हो रही है।
हड्डी के जोड़ों में दर्द, शरीर पर सूजन एवं सांस फूलने से उनकी परेशानियों बढ़ रही है। हालांकि किसान अभी बारिश के इंतजार में है। पीजी कालेज वेधशाला के उपप्रेक्षक मदन गोपाल दत्त ने बताया कि न्यूनतम 26.1 एवं अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।