सदस्यता अभियान की हुई समीक्षा
गाजीपुर : भाजपा के जिला कार्यालय टैक्सी स्टैंड पर शनिवार को मंडल अध्यक्ष, जन प्रतिनिधियों एवं प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। काशी प्रांत के संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने सदस्यता अभियान की समीक्षा की। कहा कि विशेष सदस्यता अभियान प्रमुख रूप से युवा मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा, महिला मोर्चा एवं सामाजिक न्याय मोर्चा के लिए चलाया जा रहा है।
इनके लिए नव मतदाता सम्मेलन कराया जाएगा। कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संगठन मजबूत होता है। भाजपा ऐसी पार्टी है जहां गरीब परिवार के नरेंद्र मोदी जैसे शख्स को प्रधानमंत्री पद पर बैठाया गया है। इसी दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को समस्त मंडलों में समारोह पूर्वक मानने का कार्यक्रम तय हुआ। इस अवसर पर प्रमुख रूप से पूर्व प्रदेश मंत्री प्रभुनाथ चौहान, पूर्व विधायक उदय प्रताप सिंह, रामतेज पांडेय, अनिल यादव आदि मौजूद थे।
कासिमाबाद : ब्लाक सभागार में शनिवार को '15 अगस्त और नरेंद्र भाई मोदी' विषयक संगोष्ठी हुई। भाजपा काशीप्रांत के संगठन मंत्री चंद्रशेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काफी कम समय में भारत का मान विश्व में बढ़ाने का काम किया है। गोष्ठी में नार्थ इस्ट के भाजपा संयोजक शत्रुध्न, जिलाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय, दीपक लाल श्रीवास्तव, नंदा राजभर, जयप्रकाश राजभर आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता मोती बिंद व संचालन दीनानाथ ठाकुर ने किया। रामप्रताप सिंह ने आभार ज्ञापित किया। मुहम्मदाबाद : भारतीय जनता पार्टी जहूराबाद के कार्यकर्ताओं ने कामूपुर चट्टी पर जन समस्याओं को लेकर जनसभा की। पूर्व जिलाध्यक्ष विजय शंकर राय ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव चुनौती है। श्रीनिवास सिंह, प्रमोद राय, डा. रामकरन बिंद, दिनेश कुशवाहा, शिवजी सिंह आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता श्रवण यादव व संचालन संजय श्रीवास्तव ने किया।