गड्ढामुक्त होगा ताड़ीघाट-बारा मार्ग
रेवतीपुर (गाजीपुर) : तीन दिनों के अंदर क्षतिग्रस्त ताड़ीघाट-बारा मार्ग को गड्ढामुक्त करने के आश्वासन पर छह दिनों से चल रहा धरना शनिवार को समाप्त हो गया। प्रशासनिक अधिकारियों संग देर तक हुई वार्ता में जल्द ही मार्ग की मरम्मत शुरू कराने का निर्णय लिया गया।
पांच दिनों से चल रहे धरना में छठवें दिन महिलाएं भी सड़क पर उतर आई। उन्होंने जिला प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि जनता के प्रतिनिधि व सेवकों की लापरवाही सड़क की बदहाली के लिए जिम्मेदार है। छह दिनों से जनता सड़क पर धूल फांक रही है। शाम पांच बजे प्रशासनिक अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल धरना स्थल पर पहुंचा।
करीब एक घंटा चली वार्ता में पीडब्ल्यूडी खंड प्रथम के प्रभारी पीएन गुप्ता ने कहा कि उन्होंने बारा तक पूरे मार्ग का निरीक्षण किया है। बजट के लिए प्रमुख सचिव से बात की गई है। तीन दिनों के अंदर मरम्मत कार्य को पूरा कर दिया जाएगा। एआरटीओ पीएस राय ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से बड़े वाहनों के चलने पर रोक लगाने की बात कही। सीआरओ मनमोहन चौधरी ने माना कि मार्ग की दशा काफी खराब है।
उन्होंने अधिकारियों को अपने वादे पर अमल करते हुए मरम्मत कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। धरना-प्रदर्शन में महिलाओं ने तेवर देख कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विश्वनाथ शर्मा के पुत्र विश्वमोहन शर्मा ने उनके जज्बे के सलाम करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में भी नारी शक्ति का अतुलनीय योगदान रहा है। बेहतर भविष्य की जिम्मेदारी भी महिलाओं के कंधे पर है, जब आंदोलन की कमान महिलाओं ने संभाल ली है तो यकीनन शासन-प्रशासन को सड़क की बदहाली दूर करानी पड़ेगी।
शिक्षक संध्या राय ने कहा कि लखनऊ में भी धरना देना पड़े तो भी वे पीछे नहीं हटेंगी। यह लाखों अवाम की मांग है। इसे नजरअंदाज करना शासन-प्रशासन को महंगा पड़ेगा। सपा उत्तम प्रदेश का दंभ भर रही है और जनता गड्ढों में जान गंवाने को विवश है। धरना-प्रदर्शन में पूर्व विधायक अलका राय, अरुंधती राय, अंजू राय, पीयूष मिश्रा, उपेंद्र राय, संजय पांडेय, सुधा, मुकेश शर्मा, विवेक राय, छोटू मास्टर आदि शामिल थे। अध्यक्षता सच्चितानंद राय व संचालन जय नारायण राय एडवोकेट ने किया।