दो खेमे में बंटे कृषि विभाग के कर्मचारी
गाजीपुर : बंशी बाजार स्थित कृषि विभाग के कर्मचारी दो खेमे में बंट गए हैं। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ सहायक विकास अधिकारी की बहाली को लेकर सोमवार को धरना दिया। वहीं यूपी एग्रीकलचरल डिपार्टमेंट मिनिस्ट्रीरियल सर्विस एसोसिएशन सहायक विकास अधिकारी मृत्युंजय सिंह यादव की गिरफ्तारी पर तुला हुआ है।
अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के सदस्यों ने चेतावनी दी कि निलंबित कर्मचारी की बहाली एक अगस्त तक नहीं की गई तो वे धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे। संघ के धरना को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद का भी समर्थन मिल गया है। धरने के दौरान अंबिका दुबे, दुर्गेश श्रीवास्तव, रामराज कुशवाहा, ओमप्रकाश सिंह, राधेश्याम सिंह यादव, जनार्दन भारती, अवधेश पांडेय, ओमकार नाथ राय आदि थे। अध्यक्षता रामअवध यादव एवं संचालन अरुण कुमार सिंह ने किया। वहीं यूपी एग्रीकलचरल डिपार्टमेंट मिनिस्ट्रीरियल सर्विस एसोसिएशन के लेखाकार विष्णु गुप्ता का कहना है कि सहायक विकास अधिकारी कार्यालय में लोगों के साथ दुर्व्यवहार करते रहते हैं। चेताया कि अगर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं होती है तो संगठन पहली अगस्त से कलम बंद हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। कृषि विभाग में खेमाबंदी से अधिकारियों के माथे पर बल पड़ गए हैं।