मनबढ़ युवक ने सगी बहनों को घोंपा चाकू
करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र के कामूपुर गांव में मनबढ़ युवक ने बुधवार की दोपहर दो सगी बहनों को चाकू घोंप दिया। घर वाले दोनों को जिला अस्पताल ले गए। इस मामले में दो लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
सोहराब की बहन नजमा खातून और पड़ोस की नुसरत खातून सहेली हैं। नजमा अक्सर ही सहेली के घर जाती थी। यह नजमा के भाई को नागवार लगता था। दोपहर एक बजे नजमा सहेली के घर गई थी। उसे बाहर आते हुए उसके भाई ने देख लिया था। उसने पूछताछ की तो नजमा इंकार कर दी। इसके बाद सोहराब नुसरत खातून के घर पहुंचा और अपनी बहन के आने के बारे पूछताछ की। देखते ही देखते बात बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान सोहराब ने नुसरत (18) के सीने में चाकू घोंप दिया। बीचबचाव करने गई उसकी बहन रसूलन (15) पर भी चाकू से जख्मी कर दिया। इधर, घायल दोनों बहनों को घर वालों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। नुसरत खातून की हालत गंभीर बनी है। पुलिस सोहराब को पकड़कर थाने लाई। थानाध्यक्ष हरिराम मौर्य ने बताया कि हमलावर युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।