सब जूनियर तीरंदाजी में लक्ष्मण ने मारी बाजी
गाजीपुर : नेहरू स्टेडियम में पहली बार मंगलवार को आयोजित जनपद स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान सब जूनियर वर्ग में लक्ष्मण यादव ने बाजी मारी। वह पहले स्थान पर रहे। रोहित कुमार द्वितीय, अक्षय कुमार तृतीय पायदान पर पहुंचे।
सब जूनियर बालिका वर्ग में साधना दुबे प्रथम, अंजली तिवारी द्वितीय, कात्या तिवारी तृतीय रहीं। बालकों के जूनियर वर्ग में सूर्य प्रताप यादव प्रथम, संदीप भारती द्वितीय, ओमकार राय तृतीय थे। इसी तरह सीनियर वर्ग में धरती सिंह मौर्य प्रथम, अजीत कुमार गुप्त द्वितीय, विनोद कुमार सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
विजयी खिलाड़ियों को जिलाधिकारी चंद्रपाल सिंह ने पुरस्कृत किया। कहा कि यह जनपद खेल एवं खिलाड़ियों के क्षेत्र में अग्रणी है। यहां पहली बार जनपद स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन प्रेरित करने वाला है। तीरंदाजी में जनपद के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी भाग लिया है। ऐसे खिलाड़ी ग्रामीण अंचल के हैं। डीएम ने कोच के जरिए तीरंदाजी के प्रशिक्षण पर बल दिया।
जिला क्रीड़ाधिकारी दिव्या वर्मा ने कहा कि अभी तक यहां हाकी, फुटबाल, क्रिकेट, कबड्डी, वालीबाल आदि प्रतियोगिताएं ही होती रहीं हैं। पहली बार आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में 30 बालक एवं चार बालिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन संतोष कुमार जालान ने किया। संयोजक सतीश दुबे थे। स्कोरर वैभव दीक्षित, अमित एवं सुनील निगम को भी पुरस्कृत किया गया।