'रोड नहीं तो वोट नहीं' बैनर के साथ बैठे सड़क पर
गहमर (गाजीपुर) : रेवतीपुर-नगदिलपुर मार्ग बदहाल है। मार्ग की दुर्दशा के विरोध में रविवार की शाम ग्रामीणों का जत्था 'रोड नहीं तो वोट नहीं' का बैनर लेकर सड़क पर बैठ गए। उनका कहना है कि शासन, प्रशासन व जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा के कारण लोकसभा चुनाव का बहिष्कार किया जाएगा। इस सड़क पर चलना कितना मुश्किल है इसका अहसास जो आते-जाते हैं उन्हीं को है। सड़क बनवाने के लिए कई बार विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए गए लेकिन सब बेकार साबित हुआ है। सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा है। इस दौरान जागरण ने कुछ इलाकाई लोगों का दर्द साझा किया।
नेता केवल वोट मांगने आते हैं। इसके बाद पांच वर्ष तक दिखाई नहीं देते हैं। हम लोग मुख्य सड़क से हटकर दियर में रहते हैं। सड़क क्षतिग्रस्त होने से काफी परेशानी होती है। प्रशासन व अधिकारियों को इसकी चिंता नहीं है। हम मतदान का बहिष्कार करेंगे। - मिंटू।
जर्जर सड़क के कारण रात में मरीजों को अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है। क्षेत्रीय विधायक के अलावा अधिकारियों से भी शिकायत की गई। बावजूद इसके हालात नहीं सुधरे। -एसपी उपाध्याय।
यह मार्ग बनने के बाद दोबारा मरम्मत नहीं कराया गया। मरम्मत के नाम पर धन का बंदरबांट कर लिया गया। नगदिलपुर, नसीरपुर, हसनपुरा, बिरऊ का पुरा के ग्रामीणों ने मतदान बहिष्कार का संकल्प लिया है। - बबलू उपाध्याय।
सड़क की मरम्मत के लिए जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई। पांच वर्ष तक इसकी सुध नहीं ली गई। किसी भी हालत में मतदान नहीं किया जाएगा। - देव कुमार सिंह।
इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे और गिट्टियां हैं। दो पहिया वाहन सवार गिरकर घायल होते रहते हैं। शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिला। अब तक कुछ नहीं हुआ। - अब्दुल्ला अंसारी।