नेताजी व बहिन जी कांग्रेस समर्थक :अमित शाह
ेगाजीपुर : भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अमित शाह ने सपा व बसपा को कांग्रेस का समर्थक करार दिया। कहा, दोनों दलों के प्रमुख मुलायम सिंह यादव तथा मायावती कांग्रेस समर्थक हैं। अपनी पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को शाह ने भारत की सीमाओं की रक्षा करने में समर्थ बताया।
पार्टी प्रत्याशी मनोज सिन्हा का नामांकन कराने सोमवार की दोपहर शहर में आए शाह आमघाट कालोनी स्थित गांधी पार्क में सभा को संबोधित कर रहे थे। संबोधन की शुरुआत उन्होंने भारत माता की जय के उद्घोष से की। कहा कि गाजीपुर लोकसभा सीट से मनोज सिन्हा जीतते हैं तो केंद्र में मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा शासित राज्यों की स्थिति की भी चर्चा की। बोले जिन-जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है वहां विकास हुआ है। उत्तर प्रदेश सबसे पिछड़ा प्रदेश है। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने पर इस राज्य को उत्तम प्रदेश बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार हर मोर्च पर विफल साबित हुई है। इस सरकार में 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले हुए है। शाह ने मंच से सवाल उछाला नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे। भीड़ से समवेत आवाज गूंजी, हां। हालांकि उन्होंने अपने दो घंटे के नगर प्रवास के दौरान मीडिया से दूरी बनाए रखी। उनके अलावा सभा को वाराणसी के महापौर रामगोपाल मोहले, एमएलसी केदारनाथ सिंह, प्रत्याशी मनोज सिन्हा ने भी संबोधित किया।