छात्रा से लूटा गया लैपटाप बरामद, दो लुटेरे गिरफ्तार
गाजीपुर : स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में बीते आठ मार्च की रात इंजीनियरिंग की छात्रा से लूटा गया लैपटाप जीआरपी ने मंगलवार की शाम ताजपुर डेहमा स्टेशन के पास बरामद कर लिया। इस दौरान दो लुटेरे भी पकड़े गए।
छपरा (बिहार ) में एमआरसी इलेक्ट्रिक सर्किल निवासी भावना सिंह कानपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करती हैं। छुट्टी में वह घर आई थीं। कानपुर लौटने से पहले पिता ने उनको लैपटाप खरीद कर दिया। आठ मार्च की रात भावना स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस से कानपुर जा रही थीं। औड़िहार स्टेशन पर रुकने के लिए ट्रेन की गति धीमी हुई। इस बीच लुटेरों ने आतंकित कर भावना से लैपटाप व मोबाइल लूट लिया। गाजीपुर जीआरपी ने भावना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया। कुछ दिन बाद लुटेरे भावना की मोबाइल से अपने दोस्तों से कई बार बात की। मंगलवार की सुबह छह बजे उस सर्विसलांस पर मोबाइल फोन का लोकेशन ताजपुर डेहमा स्टेशन पर मिला। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस मौके पर पहुंची। यहां घेरेबंदी कर दो युवकों को पकड़ा। उनके पास वह लैपटाप भी मिला जो छात्रा भावना से लूटा गया था। पूछताछ में लुटेरों ने अपना नाम राजकुमार गुदड़ी बाजार (चितबड़ागांव बलिया) व गोविंद राम (वार्ड नंबर तीन अंबेडकर नगर बलिया) बताया।