धूमधाम से मनाई बोस की जयंती
-स्कूल कॉलेजों में आयोजित हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम
-विद्यार्थियों ने उनके चरित्र का प्रदर्शन किया, दी श्रद्धांजलि
गढ़मुक्तेश्वर, संवाद सहयोगी :
नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती क्षेत्र में धूमधाम से मनाई गई। सुभाष चौक पर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर युवाओं ने उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया। स्कूल कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उनके चरित्र का प्रदर्शन किया गया।
नगर के सुभाष चौक पर भाजपा युवा मोर्चा के कमल त्यागी के नेतृत्व में डा. बीडी त्यागी, झम्मन सिंह, शिव कुमार, राकेश बजरंगी सहित काफी कार्यकर्ताओं ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया।
डीएम पब्लिक स्कूल में प्रबंधक राजेंद्र सिंह ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस के त्याग व सूझबूझ को भुलाया नहीं जा सकता है। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उनके चरित्र का प्रदर्शन किया। सरस्वती शिशु मंदिर बहादुरगढ़ में नेताजी सुभाषचंद्र बोस के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रबंधक भारत भूषण गर्ग ने कहा कि उनके मन में देश भक्ति और देश प्रेम कूट कूटकर भरे थे। उनके त्याग को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। नारी निकेतन शिक्षा सदन में महेश आर्य ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शाें को देश हित में बताया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर