महीनों से नहीं उठा कूड़ा, किया प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : साहिबाबाद वार्ड-57 के जवाहर पार्क में महीनों से फैली गंदगी से परेशान लो
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद : साहिबाबाद वार्ड-57 के जवाहर पार्क में महीनों से फैली गंदगी से परेशान लोगों के सब्र का बांध टूट गया। मंगलवार को लोगों ने कूड़े के ढेर के पास खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। जल्द ही कूड़ा न हटने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
लोगों ने बताया कि पिछले कई महीने से इलाके की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कों के किनारे जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। तीब्र बदबू से लोगों का घरों में रहना दूभर हो गया है। लोगों ने बताया कि पूर्व में मूवी पैलेस रोड के सामने रखे ट्रांसफॉर्मर के पास कूड़ा डाला जाता था। अब गली नंबर चार के सामने ही कूड़े का ढेर लगा हुआ है। नगर निगम से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कूड़ा नहीं हटाया गया। यदि जल्द ही कूड़ा नहीं हटाया गया तो, नगर निगम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। प्रदर्शन में रवि भाटी, राहुल, विनय चौधरी, विवेक त्यागी, सुदर्शन आदि शामिल हुए।