Move to Jagran APP

हाइवे 24 व 58 का चौड़ीकरण जल्द : वीके सिंह

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : केंद्रीय राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद वीके सिंह ने शुक्रवार को नेहरूनगर

By Edited By: Published: Fri, 22 May 2015 09:31 PM (IST)Updated: Fri, 22 May 2015 09:31 PM (IST)
हाइवे 24 व 58 का चौड़ीकरण जल्द : वीके सिंह

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : केंद्रीय राज्यमंत्री व स्थानीय सांसद वीके सिंह ने शुक्रवार को नेहरूनगर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय पर केंद्र सरकार के एक साल के कामकाज का ब्योरा दिया। पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश में मूल सुधारों को लेकर काम कर रही है, जिसकी कोई समय सीमा नहीं होती है। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र में किए गए कार्यो को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि दो महीने में राष्ट्रीय राजमार्ग-24 के चौड़ीकरण का काम शुरू हो जाएगा।

loksabha election banner

सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल के कार्यो का अवलोकन करें तो उनकी तुलना पिछले 60 वर्षो से की जानी चाहिए। केंद्र सरकार देश में मूल सुधारों पर जोर दे रही है, जिसे समयावधि के अंदर बांटना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद के विकास को लेकर चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वायदों को पूरा करने पर साल भर जोर दिया गया। इसमें विजयनगर आरओबी जो पिछले 25 साल से लंबित पड़ा था, उसे रेलवे के बजट में शामिल कराया गया। इस पर भी एक-दो महीने में काम शुरू हो जाएगा। दिल्ली से हापुड़ 16 लेन की मंजूरी करना बड़ी उपलब्धि है। टेंडरों की समस्या के चलते काम लेट हुआ। साथ ही एनएच-58 पर भी चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा। वीके सिंह ने मेट्रो के विस्तार पर कहा कि जल्द ही इस पर काम शुरू होने वाला है। क्षेत्र में बिजली समस्या पर उन्होंने बताया कि बिजली के लिए केंद्र सरकार ने 150 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं जिससे आने वाले कुछ महीनों में इस समस्या का निदान हो सकेगा। मुरादनगर पाइपलाइन को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से बात चल रही है। रहीसपुर, रजापुर के किसानों के मुआवजे पर भी केंद्र सरकार पहल करेगी। स्वच्छता अभियान के तहत हर विधानसभा में 50-50 शौचालयों का निर्माण भी केंद्र सरकार द्वारा कराया जाना है। धौलाना और लोनी में कन्याओं के लिए इंटर व डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे। साहिबाबाद स्थित ईएसआइ हॉस्पीटल पर भी प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे स्टेशन के आधुनिकरण को लेकर जल्द काम शुरू किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि पिलखुवा के लघु उद्योगों के लिए कपड़ा मंत्रालय को प्रस्ताव दिया गया है। संसदीय क्षेत्र में जेनरिक दवाओं की भी व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जीडीए के साथ मिलकर कई योजनाओं को अमलीजामा पहनाए जाने पर भी जोर दिया जा रहा है। खोड़ा में विकास के लिए ग्रामीण विकास मंत्रालय से 250 करोड़ रुपये की मांग की गई है। प्रदेश सरकार से खोड़ा को नगर पालिका का दर्जा दिलाने के लिए भी कोशिश की जा रही है। गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के लिए बीसीसीआइ से बातचीत चल रही है। बीसीसीआइ ने इसकी पहली किश्त 50 करोड़ रुपये जीडीए को दे दी है। पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष नंदकिशोर गुर्जर, महानगर अध्यक्ष अशोक मोंगा, महामंत्री अजय शर्मा, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य महिला मोर्चा आशा शर्मा, आशू वर्मा, विजय मोहन, अमरदत्त शर्मा, अश्वनी शर्मा, सौरभ जायसवाल आदि मौजूद रहे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.