सिटी फॉरेस्ट में वाहनों पर लगाई रोक
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष विजय यादव ने शुक्रवार
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद :
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष विजय यादव ने शुक्रवार सुबह सिटी फॉरेस्ट का निरीक्षण किया। अफसरों के विस्तार से पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी लेने के बाद जीडीए उपाध्यक्ष ने बचे हुए काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सिटी फॉरेस्ट में जीडीए द्वारा बच्चों को प्रशिक्षित करने के लिए लगाए गए समर कैंप की जानकारी ली और मौके पर जाकर गतिविधियों का जायजा लिया।
शुक्रवार सुबह करीब साढे़ आठ बजे जीडीए उपाध्यक्ष विजय यादव अफसरों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूरे सिटी फॉरेस्ट में ई-रिक्शा से घूमने और निरीक्षण करने के बाद उन्होंने उद्यान प्रभारी एसपी शिशोदिया ने सिटी फॉरेस्ट प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी ली। जीडीए उपाध्यक्ष ने सिटी फॉरेस्ट में उच्चस्तरीय औषधीय पार्क, बटर फ्लाई गार्डन व दुर्लभ प्रजातियों के पौधे लगवाने के निर्देश जीडीए अफसरों को दिए। इसके अलावा उन्होंने सिटी फॉरेस्ट में वाहनों को प्रवेश बैन कराने की बात भी कही। उन्होंने जीडीए अफसरों से भी सिटी फॉरेस्ट में वाहन न लाने के निर्देश दिए, आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने सिटी फॉरेस्ट में घूमने के लिए ई-रिक्शा का प्रयोग करने की बात कही। इसके बाद जीडीए उपाध्यक्ष सिटी फॉरेस्ट में चल रहे समर कैंप में पहुंचे और समर कैंप में चलाई जा रही गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत कर हाल चाल भी जाना और समर कैंप के बारे में पूछा। इस दौरान जीडीए ओएसडी विद्या भूषण के अलावा जीडीए पुलिस, साहिबाबाद पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौजूद रही।