महिला के वेश में घूमने वाले युवक की हत्या
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद साहिबाबाद तुलसी निकेतन चौकी क्षेत्र के गाव सिकंदरपुर के खाली मैदान में
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद
साहिबाबाद तुलसी निकेतन चौकी क्षेत्र के गाव सिकंदरपुर के खाली मैदान में सुबह गोली लगा शव मिलने से अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर ने शव को देखा तो वह महिला का प्रतीत हुआ मगर जाच की गई तो शव एक 35 साल के युवक का निकला। मृतक के शरीर पर सलवार कमीज थी और उसके माथे पर सटाकर गोली मारी गई थी। खून से सने शव के पास ही महिलाओं की चोटी यानी विग पड़ी हुई थी। पुलिस हत्या के मामले की कई कोण जाच कर रही है।
परिवार में पत्नी, बहन और भाई
सीओ साहिबाबाद डॉ. विपिन ताड़ा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त शालीमार गार्डन पप्पू कालोनी में सरकारी स्कूल वाली गली में रहने वाले दिलावर उर्फ कटुवा के रूप में हुई है। दिलावर भौपुरा में फर्नीचर की दुकान करता था और उसके परिवार में पत्नी आलमजहां, भाई, बहन व उसके चार बच्चे रहते हैं। दिलावर के बड़े बेटे सहवान की उम्र करीब 11 साल है। बृहस्पतिवार की सुबह मैदान के पास कुछ लोगों ने लाश देखकर शोर मचाया तो आसपास के बहुत सारे लोग जमा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई और 74 नंबर की पीसीआर मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों से शव की शिनाख्त कराई। उसके बाद मृतक के परिजनों को सूचित कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रात में 'महिला' बन जाता था दिलावर
जाच में सामने आया है कि मृतक दिलावर बीते तीन सालों से महिला के भेष में घूमने वाले कुछ लोगों से लगातार संपर्क में था। तुलसी निकेतन पुलिस चौकी प्रभारी राधेश्याम यादव ने बताया कि इलाके में सभी लोग यह बात जानते हैं कि दिलावर रात में महिलाओं के कपड़े पहनकर घूमता था। कई बार इसे पुलिस ने भी सड़क से भगाया था, लेकिन यह उसकी आदत बन चुकी थी। दिलावर की पत्नी आलमजहा ने भी स्वीकार किया है कि उसे यह पता था कि दिलावर रात में महिला बनकर पैसे कमाता है। अच्छे पैसे मिलने से उसका परिवार का खर्च चलता था। इसलिए सबने चुपचाप रहने में ही भलाई समझी। जाच में सामने आया है कि बुधवार की रात को दिलावर को हेलन नाम के नंबर की ओर से कई कॉल आई, जिसके बाद दिलावर गया था।
पुलिस को जानकार पर हत्या का शक
पुलिस शुरुआती जाच में मान रही है कि हत्या करने वाले को दिलावर जानता था। इसी के साथ पिस्टल से सटाकर गोली मारने का मकसद दिलावर को जिंदा नहीं छोड़ना भी रहा। घटना रात दो बजे के आसपास की बताई जा रही है। फॉरेंसिक टीम और एक्सपर्ट्स टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। घटनास्थल से पिस्टल से चली गोली का खोखा भी मिला है। पुलिस इसे देह व्यापार के धंधे से भी जोड़कर जाच कर रही है। मृतक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात साढ़े नौ बजे उसके दोस्त हेलेन का कई बार फोन आया था। दिलावर रात दस बजे घर से निकल गया। पत्नी ने कहा कि सुबह उन्हें पुलिस से दिलावर की हत्या की खबर मिली। इस हत्या में साहिल नाम के एक युवक का नाम भी चर्चा में है।
इस मामले में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है। पूछताछ में सामने आ रहा है दिलावर महिला के वेष में कुछ किन्नरों के साथ रहता था और रात में जिस्मफरोशी का धंधा करता था। पुलिस इसे किन्नरों के बीच हुए झगड़े के एंगल से भी देख रही है।
- डॉ. विपिन ताड़ा, सीओ साहिबाबाद