जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए खा रहे धक्के
जागरण संवाददाता, मोदीनगर : मोदीनगर नगर पालिका व भोजपुर ब्लाक में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के ल
जागरण संवाददाता, मोदीनगर : मोदीनगर नगर पालिका व भोजपुर ब्लाक में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को धक्के खाने पड़ रहे हैं। समय से प्रमाण पत्र न बन पाने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शासन ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन ऑनलाइन करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन नगर पालिका में ही करीब 1500 आवेदन लंबित हैं। पालिका के अधिकारी व कर्मचारी आवेदनों के अनुसार प्रमाण पत्र बनाने की जहमत ही नहीं उठाते। जानकार बताते हैं कि यदि कोई आवेदक पालिका कार्यालय में जाकर अधिकारियों व कर्मचारियों के प्रति अपना रोष जताता है अथवा कोई सभासद उसकी पैरवी करे, तभी प्रमाण पत्र बनता है।
यही कारण है कि आवेदक रोजाना तहसील से नगर पालिका कार्यालय तक धक्के खाते रहते हैं। पालिका सूत्रों की मानें तो प्रमाण पत्र बनाने के लिए ऐसे कर्मचारी लगाए गए हैं, जिन्हें पूरी तरह कंप्यूटर का ज्ञान भी नहीं है। पालिका सूत्र बताते हैं कि नगर पालिका में कंप्यूटर आपरेटर को पहले ठेके पर रखा गया था। बीच में दो माह तक ठेका निरस्त रहा। अब फिर ठेका निरस्त हो गया है।
स्कूलों में प्रवेश के लिए भी होती है समस्या
इस समय सैंट टेरेसा समेत अन्य स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। लेकिन जन्म प्रमाण पत्र न होने से लोग परेशान हैं। स्कूल प्रबंधक सभासदों के हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र मानते नहीं हैं।
मेरे पास जो भी आवेदन आते हैं। उन्हें जांच करने के बाद आगे भेज दिया जाता है। मेरा काम इतना ही है। कंप्यूटर आपरेटर की दिक्कत पालिका में है।
नेपाल सिंह, सैनेट्री इंस्पेक्टर, नगर पालिका मोदीनगर
---
पालिका के अधिशासी अधिकारी अधिकांश समय अवकाश पर रहते हैं। इसके साथ ही जिम्मेदार लोगों को यह कार्य नहीं दिया गया है, जिस कारण प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहे हैं।
सरोज शर्मा, अध्यक्ष, नगर पालिका मोदीनगर