बुनकर बाजार खुलने से उम्मीदों को लगेंगे पंख
संवाद सहयोगी, मुरादनगर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गाजियाबाद व नोएडा में बुनकर बाजार स्थ
संवाद सहयोगी, मुरादनगर
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की गाजियाबाद व नोएडा में बुनकर बाजार स्थापित करने की घोषणा से हैंडलूम पावरलूम व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस घोषणा के बाद व्यापारियों को एक ओर जहा उत्पादन का उचित लाभ मिलेगा वही इस क्षेत्र में अब रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद की जा सकती है। इसका सबसे अधिक फ ायदा हैंडलूम पावरलूम उद्योग के नाम से विख्यात मुरादनगर शहर को मिलेगा क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में इस शहर से कपडे का उत्पादन भारी मात्रा में किया जाता है। अब तक अन्य प्रदेशों में कपडे़ का निर्यात करने वाले उद्यमियों को प्रदेश का यह तोहफा खूब भा रहा है।
व्यापारी कहिन
व्यापारियों को वस्त्र उत्पादन के बाद अन्य प्रदेशों में जाना पड़ता था। जिससे भाड़ा आदि का खर्च काफी आता था। गृह जनपद में यह सुविधा उपलब्ध होने पर व्यापार पर व्यापक असर देखने को मिलेगा। अब किसी प्रकार की कोई शका व भय भी व्यापारियों को नही रहेगी।
शिवकुमार गुप्ता, अध्यक्ष हैंडलूम पावरलूम उद्योग
अब व्यापारियों को उनके उत्पादन का सही मूल्य प्राप्त होगा। इस बाजार के गाजियाबाद में आने के बाद इस क्षेत्र में व्यापक बदलाव आएंगे। किसी भी प्रकार की कोई समस्या व्यापारियों को अब नही आएगी। इस बाजार के स्थापित होने से बेरोजगारों को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
मुकेश भटनागर, हैंडलूम पावरलूम संचालक
अब तक हैंडलूम पावरलूम व्यापारियों को कोई सुविधा सरकार की ओर से नही थी। न ही कोई प्रोत्साहन मिला था। इसके स्थापित होने से व्यापारियों की सारी शिकायतें दूर हो जाएंगी। अब तक ऐसा लगता था कि सरकार का इस ओर कोई ध्यान ही नही है। यह तोहफा व्यापारियों के हित में है।
शरद सिंहल, पावलूम व्यापारी