मुरादनगर-रावली-सुराना मार्ग नहीं बना तो आंदोलन
जागरण संवाददाता, मोदीनगर : मुरादनगर से रावली होते हुए सुराना जाने वाले वाले मार्ग की दयनीय स्थिति को
जागरण संवाददाता, मोदीनगर : मुरादनगर से रावली होते हुए सुराना जाने वाले वाले मार्ग की दयनीय स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने रोष जताया है। इस मामले में आयोजित पंचायत में निर्णय लिया गया कि यदि मार्ग को जल्द नहीं बनवाया जाता है तो आंदोलन होगा। इसके साथ ही तहसील दिवस में अधिकारियों के घेराव की घोषणा की गई है।
मुरादनगर में एनएच 58 से सुराना की दूरी करीब 18 किलोमीटर है। यह सड़क पूरी तरह से टूटी हुई है। सड़क के निर्माण के लिए टुकड़ों में धन आवंटित होने से लोगों की समस्याएं बढ़ रही है तथा आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है। इस मुद्दे को लेकर बृहस्पतिवार को रावली गांव में पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें कई गांवों के लोगों ने भाग लिया। पंचायत में कहा गया कि इसी सड़क से काकड़ा, ग्यासपुर, खिमावती, ढिंढार, रावली, नेकपुर, कुन्हैड़ा, सुराना, गढी, निठारी, मिलक आदि गांव है। अब चीनी मिलें शुरू होगी तथा किसानों को गन्ना ले जाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
जन कल्याण विकास सेवा समिति के चेयरमैन सत्येंद्र त्यागी ने बताया कि पंचायत में निर्णय लिया गया कि यदि सड़क का निर्माण नहीं करवाया गया तो आम जनता छात्रों एवं जन प्रतिनिधियों को साथ लेकर आंदोलन करेगी। इससे पूर्व मंगलवार को मोदीनगर में आयोजित तहसील दिवस में अधिकारियों का घेराव किया जायेगा। पंचायत में सत्येंद्र त्यागी, जिला पंचायत सदस्य डा. दीपा त्यागी, संदीप जीनवाल, सुरमेश प्रधान, दर्शन नेहरा, सुरेश त्यागी, महेश त्यागी, पुष्पेंद्र प्रधान रावली, कुम्हैड़ा के प्रधान श्याम, प्रधान ग्यासपुर हरीकिशन, ईश्वर सिंह सुराना, प्रवीन बंदीपुर, संजय कुन्हैड़ा, देवदत्त त्यागी, रामानुज त्यागी, मनोज, वेदप्रकाश समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।