विज्ञान प्रदर्शनी में गुरुकुल के छात्रों का रहा दबदबा
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सीबीएसई द्वारा आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में गुरुकुल द स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया है। प्रदर्शनी में देश भर से 325 स्कूलों ने भाग लिया था।
विद्यालय के निदेशक सचिन वत्स ने बताया कि कक्षा बारहवीं के छात्र सजल गर्ग व सक्षम गोयल ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में टॉप थ्री में अपना नाम दर्ज कराया। इससे पहले दोनों छात्र क्षेत्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में भी जीत का परचम लहरा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में 16 स्कूलों का चयन अंतरराष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया गया है। सजल और सक्षम ने विज्ञान प्रदर्शनी में एनर्जी थीम पर आई वॉक द एक्सोस्केलेटल नामक मॉडल प्रदर्शित किया। यह एक ऐसी मशीन है, जो मानव ऊर्जा को इलेक्ट्रोनिक ऊर्जा में बदल देती है। वजन में हल्की और कम लागत वाली इस मशीन से एक बल्ब जलाया जा सकता है और छोटे उपकरण चार्ज किए जा सकते हैं। सजल और सक्षम ने बताया कि इस उपकरण को बनाने का उद्देश्य देश की उस जनता के घर को रोशन करना है जो अंधेरे में जीवन व्यतीत कर रहे हैं। प्राचार्या रजनी जौहरी ने दोनों छात्रों को छात्रवृत्ति की घोषणा की।