डॉन कहने पर गोली से उड़ाया
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद
मसूरी इलाके में डॉन कहकर चिढ़ाने को लेकर हुए विवाद में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई जबकि उसकी चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान साजिद (21) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल आयशा नामक किशोरी का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक के चाचा ने पड़ोस के पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। जिसे देखकर वहां पुलिस बल तैनात किया गया है।
मामला देहरा गांव का है। साजिद मेहनत मजदूरी करता था। कुछ दिन पूर्व पड़ोस में रहने वाले कामिल को उसने 'डॉन' बोल दिया था। इस बात पर कामिल नाराज हो गया और दोनों पक्षों में विवाद भी हुआ था। गांव वालों ने दोनों में समझौता करा दिया था। बताया जा रहा है कि सोमवार को साजिद ने कामिल को एक बार फिर 'डॉन' कहकर बुलाया था। जिसके बाद कामिल ने साजिद के चाचा फरमान को कहा यदि आगे से उसे चिढ़ाया गया तो वह साजिद को गोली मार देगा।
इस तरह से धमकी देना फरमान को बुरा लगा। वह कामिल के पिता मकसूद से पूरे मामले की शिकायत करने पड़ोस में स्थित उनके घर गया। जहां दोनों पक्षों में तनातनी हो गई।
रात करीब 11 बजे साजिद अपने घर के आंगन में बिछी चारपाई पर लेटा हुआ था। पड़ोस से उसके चाचा नियाज मोहम्मद की पंद्रह वर्षीय बेटी आयशा भी उसके घर पर आई हुई थी। वह दूसरी चारपाई पर लेटी थी। तभी मकसूद अपने पुत्र कामिल, आकिल, भूरे तथा पौत्र शकील के साथ वहां आ धमका। उन्होंने आते ही साजिद से मारपीट शुरू कर दी। आयशा बीच में आई तो उसे भी पीटा गया। आरोपियों ने लाइसेंसी राइफल से दोनों पर गोलियां भी चलाई। जिसमें एक गोली साजिद की जांघ वहीं, दूसरी गोली आयशा के घुटने में जा लगी। वारदात को अंजाम दे आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने साजिद को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने साजिद की मौत की वजह अत्यधिक खून बहना बताई है। जबकि आयशा की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त हो गया है। जिसके चलते भारी पुलिसबल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी मसूरी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।