आठ राज्यों के श्रृंगार में सजीं दुल्हनें
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद : पटेल मार्ग स्थित महिला शिल्प निकेतन में दुल्हन सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विवाह के दौरान आठ राज्यों के परंपरागत परिधानों व श्रृंगार को लेकर दुल्हन की साज-सज्जा की गई। विभिन्न राज्यों पर आधारित दुल्हनों को बेहतरीन अंदाज में सजाया गया। इस प्रतियोगिता में 13 छात्राओं ने भाग लिया।
संस्थान की प्रबंधक शिवानी चौहान ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कम समय व कम लागत लगने वाले कई तरह के कोर्स चलाए जा रहे हैं। इसी के तहत ब्राइडल वोकेशनल कोर्स कर रहीं छात्राओं के लिए परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में छात्राओं ने देश के आठ प्रांतों की साज-सज्जा पर आधारित दुल्हनों को तैयार किया। इनमें वेस्टर्न ब्राइड, मुस्लिम, मराठी, पंजाबी,, मारवाड़ी, बंगाली, वेस्टर्न यूपी ब्राइड और साउथ इंडियन ब्राइड को तैयार किया गया। साथ ही परीक्षा में भाग ले रही छात्राओं ने मेहंदी रचाना और मेकअप को भी बेहतरीन तरीके से दिखाया। छात्राओं ने आर्टिफिशियल ज्वेलरी के साथ-साथ फूलों के गजरे का प्रयोग करते हुए मनमोहक अंदाज में सजाया। समापन पर सभी छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस मौके पर एमएस त्यागी, सुमन चौहान, रानी शर्मा, शिल्पी, निशा, मनीषा, सीमा, प्रमिला, पूजा, काजल, नेहा, प्रिया आदि मौजूद रहे।