लूट-डकैती की वारदातों से थर्राया मुरादनगर
अनिल त्यागी, मुरादनगर : पुलिस की कार्यशैली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बदमाशों ने एक सप्ताह में लूट व डकैती की दर्जनभर से अधिक वारदातों को अंजाम दे दिया। पुलिस की निष्क्रियता के चलते बदमाश व्यस्त स्थानों पर भी दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दे रहे है। पुलिस किसी भी मामले में अभी तक आरोपियों का सुराग तक नहीं लगा सकी है। बदमाशों के बुलंद हौसलों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लूट, डकैती की छोटी बड़ी 11 वारदातों में कई थाने व चौकी से महज चंद कदमों की दूरी पर हुई है। कई घटनाओं को पुलिस ने अब तक दर्ज ही नहीं किया।
लूट व डकैती की प्रमुख घटनाएं
1 सितंबर - गंगनहर स्थित रेलवे पुल के निकट गाव शाहपुर निवासी रविन्द्र कुमार से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल और नकदी लूटी।
31 अगस्त- गाव सुराना निवासी लोकेश से रावली मार्ग पर 6 हजार की नकदी व मोबाइल की लूट।
30 अगस्त - दिनदहाड़े गाव सुराना निवासी ओमपाल से चार हजार नकद, मोबाइल व अन्य सामान की लूट।
30 अगस्त - एनएच-58 पर थाने से महज दो सौ मीटर की दूरी पर कच्छा बनियान गिरोह का कहर। लाखों की लूट, महिला की हत्या।
29 अगस्त - गाव सुठारी निवासी महिला घूमने के लिए निकली थी। इसी दौरान बदमाशों ने कुंडल लूट लिया।
28 अगस्त - दिनदहाड़े पड़ाव चौकी के सामने केंद्रीय विद्यालय कर्मी सुधीर कुमार से 12 हजार नकद व मोबाइल की लूट।
27 अगस्त - विजयनगर निवासी दंपति से हाइवे पर दिनदहाड़े नकदी में अन्य सामान की लूट।
यहा होती है अधिकांश घटनाएं
- ढिंडार पुलिया
- रावली गाव के विकास भट्ठे के समीप,
- गंगनहर रेलवे ओवरब्रिज
- चितौड़ा पुल
- हिसाली मार्ग
- आरडी कॉलेज के पास
- सैंथली गेट
- नवीपुर
जागरण सुझाव
- रात में गश्त बढ़े।
- ठेली पटरी का सत्यापन।
- कबाड़ियों का सत्यापन।
- जनता-पुलिस में समन्वय।
'एकाएक बढी वारदातों के पीछे बदमाशों का कोई सक्रिय गिरोह है। इसपर अंकुश लगाने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। वारदातों का जल्द खुलासा किया जाएगा। चौकी क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ा दी गई है।'
- आरपी शर्मा, थाना प्रभारी मुरादनगर