नाबालिग बहनों से सामूहिक दुष्कर्म, एक आरोपी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, खोड़ा :
घर से स्कूल गई दो नाबालिग बहनों को अगवा करके सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िताओं के साथ में दो छोटी बहनें भी थीं। चारों को एक दिन बंधक रखने के बाद रिहा किया गया। इस मामले में पुलिस ने पड़ोसी नफीस नामक युवक गिरफ्तार किया है। वारदात में उसके तीन अन्य दोस्त भी शामिल थे। पुलिस की टीम उनकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं।
खोड़ा कालोनी के भारत नगर में परचून की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति की चार बेटियां दिल्ली स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ने जाती हैं। उनकी दो बेटियों की उम्र सोलह और पंद्रह साल है। जबकि दो की उम्र दस व तेरह साल है। चारों बहनें 20 अगस्त को स्कूल गई थीं। लेकिन लौटकर नहीं आई। पिता ने उनकी काफी तलाश की पर कोई सुराग नहीं लगा।
21 अगस्त की दोपहर को उनकी सोलह वर्षीय बेटी अपनी दस साल की बहन के साथ बदहवास अवस्था में घर लौट आई। जिसके कुछ घंटे बाद पंद्रह वर्षीय बेटी भी तेरह वर्षीय बहन के साथ वापस आ गई। सभी काफी डरी हुई थीं। पड़ोसियों ने जब उन्हें देखकर पिता को सूचना दी। परिजनों ने जब बच्चियों से पूछा तो उन्होंने पड़ोस में रहने वाले नफीस की करतूत बता दी।
नाबालिगों ने बताया कि स्कूल से छुट््टी के बाद लौटते समय वह सभी मयूर विहार फेस-3 स्थित बैंक गईं थीं। वहां से चारों पैदल लौट रही थीं। रास्ते में मिले कार में सवार नफीस ने उन्हें घर छोड़ देने की बात कही। कार में नफीस के तीन दोस्त भी थे। उन्होंने मना किया लेकिन नफीस ने उनको जोर देकर गाड़ी में बिठा लिया। इसके बाद उन्होंने दस व तेरह वर्षीय बहनों को कुछ सुंघा दिया। जबकि सोलह एवं पंद्रह वर्षीय बहनों को जूस में मिलाकर नशीला पदार्थ पिला दिया। जिससे चारों बेहोश हो गई।
आरोपी सभी को किसी अज्ञात स्थान पर ले गए जहां पंद्रह एवं सोलह वर्षीय बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। जब दूसरे दिन दोपहर में उनको होश आया तो किसी तरह वहां से भागकर वह अपने घर पहुंचीं। जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने अपहरण एवं सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर देर शाम नफीस को दबोच लिया। जांच में पता चला कि वह पहले कार चलाता था। लेकिन आजकल बेरोजगार चल रहा था। सीओ इंदिरापुरम अतुल कुमार यादव के अनुसार अभी तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है। अन्य तीनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
--
आम आदमी पार्टी ने दी प्रदर्शन की चेतावनी
आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक ठाकुर देवेंद्र सिंह ने कहा है कि अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार नहीं किया तो जिले के प्रत्येक थाना व चौकी पर प्रदर्शन होगा। इसी के साथ सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को एसएमएस से सूचना दे दी गई है। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के बड़े नाम भी मौजूद हो सकते हैं। आप के प्रदर्शन के बाद लोकल इंटेलीजेंस के अधिकारी भी सतर्क हो गए हैं। इसी के साथ अन्य राजनीतिक दल भी पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं।
डर गया था पुलिस-प्रशासन
मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण तुरंत ही एसपी सिटी शिव हरि मीना इंदिरापुरम थाने पहुंचे थे। उन्होंने पूरे मामले के खुलासे और भारत नगर में किसी भी प्रकार से स्थिति नहीं बिगड़े, इसके लिए एसओ हरि दयाल सिंह यादव व बीरबल खोड़ा चौकी प्रभारी नरेश सिंह से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू करवा दी थी। इसी के साथ इलाके के कुछ लोगों ने दोनों पक्षों पर नजर रखने के लिए लगा दिया गया है।