पाइप लाइन मार्ग पर लगाए जाएंगे बैरियर
जागरण संवाददाता, मुरादनगर : मुरादनगर से लोनी के टीला मोड़ तक दिल्ली जल बोर्ड की पाइप लाइन के किनारे सड़क पर भारी वाहन न आ सके, इसके लिए दिल्ली जल बोर्ड ने गांवों से आने वाली सड़कों पर बैरियर लगाने को कहा है। वहीं सड़क निर्माण को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया है।
विकास संघर्ष समिति द्वारा चलाए गए आंदोलन के बाद प्रदेश सरकार ने मुरादनगर के रावली रोड से लोनी के टीला मोड़ तक पाइप लाइन के किनारे की सड़क का निर्माण मंजूर किया था। निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग खंड दो कर रहा है। इसी बीच दिल्ली जल बोर्ड ने उत्तर प्रदेश जल निगम के मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर पाइप लाइन के किनारे सड़क निर्माण पर आपत्ति व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य रोकने के लिए कहा था। इस पाइप लाइन से दिल्ली के सोनिया विहार एवं भागीरथी ट्रीटमेंट प्लांट को पानी की आपूर्ति की जाती है। इसकी देखरेख भी करती है। मुख्य अभियंता का यह मामला जिलाधिकारी के पास भी पहुंचा।
बृहस्पतिवार को दिल्ली स्थित दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय में बोर्ड के सदस्य बीएम धौल के साथ ही बोर्ड के मुख्य अभियंता भी उपस्थित थे। उत्तर प्रदेश जल निगम के मुख्य अभियंता पश्चिम क्षेत्र वाईके जैन, अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव, लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता जेके शर्मा एवं अजय पाल की बैठक हुई। इस बैठक में सड़क निर्माण मामले में जब लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उन्हें सड़क बनाने की जिम्मेदारी दी है। जिस कारण वे सड़क का निर्माण कर रहे हैं। इसके बाद जल बोर्ड की तरफ से कहा गया कि सड़क बननी चाहिए चाहे वह जल बोर्ड बनाए अथवा उत्तर प्रदेश सरकार। सूत्र बताते हैं कि जल बोर्ड से शिकायत की गई थी कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। जल बोर्ड को चौड़ीकरण पर ही आपत्ति थी।
इसके साथ ही बैठक में उप्र जल निगम के अधिकारियों से कहा गया कि पाइप लाइन मार्ग पर भारी वाहन न आए, इसके लिए दोनों तरफ के मुख्य मार्गो के साथ ही गांवों को जोड़ने वाले रास्तों पर बैरियर लगाये जाएं। दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों ने कहा कि भारी वाहनों से पाइप लाइन को नुकसान हो सकता है। सूत्रों के अनुसार गाजियाबाद से गए अधिकारियों ने इस पर दिल्ली जल बोर्ड से कहा कि वे जिलाधिकारी से बात करें। वहीं जल निगम के अधीक्षण अभियंता एके श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड कार्य की समीक्षा करता है। यह भी समीक्षा बैठक थी।