तेज धूप व उमस ने किया परेशान
जागरण संवाददाता, इंदिरापुरम :अगस्त माह शुरू हो चुका है, लेकिन लोगों को अभी भी मानसूनी बारिश व सुहावने मौसम का इंतजार है। बारिश नहीं होने व लगातार तेज धूप रहने से गर्मी से लोग बेहाल हो रहे हैं। उमस भरी गर्मी ने जहां आमजन को परेशान कर रखा है, वहीं तेज धूप से महिलाएं व स्कूली बच्चे परेशान हैं। शुक्रवार को दिनभर बादलों व सूर्य के बीच आंख मिचौली का खेल तो चला लेकिन जैसे ही सूर्य नजर आता था तो गर्मी का प्रचंड रूप दिखाई पड़ता था। घर से बाहर निकलने वाले लोगों को भीषण गर्मी ने खासा परेशान किया।
गर्मी के चलते दिन में स्कूलों से लौटने वाले छात्रों को छाता लगाकर लौटते देखा गया। वहीं दोपहर के समय आवश्यक कार्यो से बाहर निकलने वाली महिलाओं ने भी धूप से बचने के लिए छतरी लगाई। शरीर को स्र्काफ, दुपट्टा आदि से ढककर गर्मी के कारण सड़क किनारे रहने वाले लोगों व रिक्शा चालकों को धूप से परेशान होते हुए देखा गया। धूप से बचने के लिए चश्मे का भी इस्तेमाल किया गया। लगातार पसीना बहने से लोग बेहाल रहे।
---
गर्मी ने बढ़ाई शीतल पदार्थो की बिक्री : गर्मी और उमस से लोगों का हाल बेहाल हुआ। पसीने से तरबतर हुए लोगों ने गर्मी से निजात पाने के लिए लोगों ने अपने मनपसंद शीतल पेय पदार्थाे का जमकर प्रयोग किया। इसके कारण जूस कार्नर व आईस्क्रीम पार्लर पर भीड़ रही।