व्यापारी नेता को जेल भेजने का विरोध
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद :
व्यापारी नेता एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल को जेल भेजे जाने के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने कंछल के रिहाई की मांग की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
लखनऊ में सोमवार को एक मामले में अदालत में पेश हुए बनवारी लाल कंछल को जेल भेज दिया गया। गाजियाबाद के व्यापारी इसका विरोध कर रहे हैं। महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोपीचंद ने कहा कि बनवारी लाल कंछल के खिलाफ कोई व्यक्तिगत मामला नहीं है। ऐसे में उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाना चाहिए था। उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक चावला ने कहा कि कंछल के खिलाफ कोई व्यापारिक या आपराधिक मामला नहीं है। ऐसे में सरकार को उन्हें रिहा करना चाहिए। पूर्व में भी कई लोगों को सरकार द्वारा रिहा किया गया है। कंछल व्यापारियों की हित की रक्षा के लिए लड़ते हैं। व्यापारियों ने कंछल की रिहाई के समर्थन में नारे लगाए। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान ब्रिजमोहन सिंघल, राम किशोर अग्रवाल, पवन शर्मा, आरएन बंसल, संजीव गुप्ता, राजीव अग्रवाल, धनेश सिंघल, मनोज गर्ग, संदीप बंसल, रूपेश गर्ग, मुकेश शर्मा, अनुराग गर्ग, उदित मोहन मौजूद थे।