नेहरू नगर आरओबी पर चलें संभलकर
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद :
अगर आप नेहरू नगर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) से होकर गुजर रहे हैं तो संभलकर चलें। यहां जरा सी चूक दुर्घटना को दावत दे सकती है।
नेहरू नगर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या और आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं को देखते हुए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने करोड़ों की लागत से चार लेन के आरओबी का निर्माण कराया था। दो लेन का निर्माण नेहरू नगर से नया गाजियाबाद रेलवे स्टेशन की तरफ और दो लेन का निर्माण नासिरपुर फाटक की तरफ कराया गया था। जीडीए की प्लानिंग के अनुसार आरओबी पर नया गाजियाबाद की तरफ बनाई गई दो लेन नेहरू नगर से राजनगर, कविनगर की तरफ जाने वालों के लिए थीं जबकि नासिरपुर की तरफ वाली दो लेन कविनगर, राजनगर, शास्त्रीनगर से नेहरू नगर में वापस आने के लिए थीं। आलम ये है कि आरओबी पर नया गाजियाबाद और नासिरपुर दोनों तरफ से गलत दिशा में वाहन दौड़ रहे हैं।
दिशा सूचक का पालन नहीं करते लोग
यूं तो जीडीए ने नेहरू नगर आरओबी पर दोनों तरफ दिशा सूचक के साथ वन-वे मार्ग होने के बोर्ड भी लगाए हैं लेकिन फिर भी राहगीर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए दोनों तरफ गलत दिशा में वाहन दौड़ाते हैं।
कोई नहीं रोकता-टोकता
लोगों के वाहनों को गलत दिशा में दौड़ाने का एक मुख्य कारण ये भी है कि आरओबी पर गलत दिशा में चलने पर कोई रोकने-टोकने वाला नहीं। लोग लंबा चक्कर काटने के चक्कर के फेर से बचने के लिए गलत दिशा में वाहन दौड़ाते हैं।