मां की धोती का झूला बना मौत का फंदा
जेएनएन, फीरोजाबाद: शुक्रवार की सुबह आई तो रोज की तरह थी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तीन परिवारों के लाड़ल
जेएनएन, फीरोजाबाद: शुक्रवार की सुबह आई तो रोज की तरह थी, लेकिन दिन चढ़ने के साथ तीन परिवारों के लाड़लों को अपने साथ ले गई। अलग-अलग घटनाओं में परिवारों के लाड़ले छिन गए और घरों में कोहराम मच गया। सबसे बड़ी घटना शिकोहाबाद के स्वामीनगर में हुई, जहां परिवार के बच्चे मां की साड़ी से झूला बनाकर झूल रहे थे। अचानक एक बच्चे के गले में झूला मौत का फंदा बना और उसकी सांसें घुट गईं। वहीं, जसराना के नगला रामा में स्कूल से घर लौटते वक्त विद्युत करंट की चपेट में आने से नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई तो बड़ा गांव में चार वर्षीय दीक्षा तालाब में डूब गई।
स्वामी नगर में मोती खां परिवार के साथ किराये पर रहते है। मूलत: फतेहाबाद के निवासी मोती खां जगह-जगह पर बिसातखाने की फड़ लगाते है। बालाजी मंदिर पर लगने वाले मेले सहित अन्य जगह पर जाते हैं। गरीबी के चलते पत्नी मुनीशा बेगम तथा पांच बच्चों के साथ एक कमरे में ही पूरा परिवार रहता है। बच्चे कमरे में ही मां की साड़ी को छत की सरिया में बांधकर झूला बना लेते थे। मां भी उन्हें साड़ी पर झूला झूलने से नहीं रोकती थी। इस बहाने बच्चे मन बहला लेते थे। 13 वर्षीय गुलशन, दस वर्षीय छैला, आठ वर्षीय करुआ, पांच वर्षीय समीर एवं छह वर्षीय सायना शुक्रवार को भी झूला बनाकर झूल रहे थे। पिता सामान लेकर फड़ लगाने चले गए। मां बाहर बरामदे में कपड़े धोने चली गई। दोपहर तीन बजे करीब छैला झूले पर बैठ कर गोल-गोल घूमने लगा। अन्य भाइयों ने उसे घुमाना शुरू कर दिया। किसी ने यह नहीं देखा साड़ी में लग रहे अंटे छैला की गर्दन तक पहुंच गए तथा झूला उसके लिए फांसी का फंदा बन गया। बच्चों को जब लगा छैला का कुछ हो गया है तो उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। बाहर बरामदे में काम कर रही मां शोर सुनकर अंदर आई तो छैला को फंदे पर लटका देख बदहवास हो गई। आनन-फानन में उसने साड़ी में लगे हुए फंदों को खोलकर छैला को उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी। छैला की हालत देख मां की हालत बिगड़ गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी आ गए। पड़ोसियों ने मोती खां तक सूचना भेजी तो पिता भी फड़ को यूं ही छोड़ घर पर आ गया। मोती खां का कहना था भाई बहन रोज इसी तरह खेलते थे, लेकिन शुक्रवार को खेल-खेल में छैला की मौत हो गई।
-स्कूल से लौटते बच्चे की करंट से मौत : (फोटो नंबर 28)
जसराना: जसराना के गांव नगला रामा में स्कूल जाते वक्त नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। नौ वर्षीय अंकित पुत्र अतर ¨सह गांव में ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। दोपहर सवा बजे करीब वह स्कूल से घर लौट रहा था। इस दौरान मार्ग में एक विद्युत के पोल को पकड़ कर खेलने लगा। इस दौरान पोल में करंट आने पर उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही यहां ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। घर पर बच्चे के स्कूल से आने का इंतजार कर रही मां को जब यह जानकारी मिली तो वह बेसुध हो गई। जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए कहा, लेकिन ग्रामीणों ने इनकार कर दिया।
पैर फिसलने से तालाब में गिरी बच्ची, मौत
जसराना: खेतों पर चारा लेने जा रही मां के पीछे पीछे जा रही 4 साल की बच्ची पैर फिसलने से तालाब में गिर गई। बड़ा गांव निवासी कुंवर प्रताप की चार वर्ष की बेटी दीक्षा अपनी मां के साथ खेत पर जा रही थी। मां के पीछे-पीछे चल रही बेटी का तालाब के निकट पैर फिसल गया तथा वह तालाब में गिर गई। बच्चे की चीख सुनकर मां ने देखा तो चीख-पुकार शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग दौड़े तथा दीक्षा को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई थी।