भगवान पार्श्वनाथ का निर्वाण लाडू चढ़ेगा
फीरोजाबाद: सेठ छदामीलाल जैन मंदिर में आयोजित शिविर में जैन मुनि विनम्र सागर महाराज ने भक्तामर का महत
फीरोजाबाद: सेठ छदामीलाल जैन मंदिर में आयोजित शिविर में जैन मुनि विनम्र सागर महाराज ने भक्तामर का महत्व बताया। कहा कि फीरोजाबाद में पहली बार भक्तामर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें एक लाख मंत्रों का जाप रोज हो रहा है। यह शिविर 48 दिन चार सितंबर तक चलेगा।
महाराज श्री ने बताया कि नौ अगस्त को भगवान पार्श्वनाथ का निर्वाण लाडू चढ़ाया जाएगा। शिखर जी की रचना बनाई जाएगी और इसी दौरान पांच माताओं का तृतीय दीक्षा दिवस मनाया जाएगा। वहीं महाराजजी का 25वां ऐलक दीक्षा दिवस मनाया जाएगा। इसी दिन महाराज जी द्वारा रचित कई पुस्तकों का विमोचन होगा। विनम्र सागर ने कहा, रक्षाबंधन के दिन स्वर्ण की राखी पिच्छी पर बांधी जाएगी। आठ दिन बाद खोलकर उसे वह राखी दे दी जाएगी। इसके अलावा अन्य कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रविवार को हमारी बुद्धि का विकास कैसे होगा, याद करने की क्षमता कैसे बढ़ेगी इस पर शिविर लगाकर विशेष प्रकाश डाला जाएगा। भक्तामर शिविर में प्रतिदिन लोगों की संख्या बढ़ती जा रही है। लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।
दुनिया में मानव सबसे कीमती
भक्तामर शिविर में श्रद्धालुओं को महत्व समझाते हुए जैन मुनि ने कहा कि दुनिया में सबसे कीमती मानव है, क्योंकि मानव में भगवान बनने की शक्ति है। मानव ही परमात्मा की उत्कृष्ट कृति है। मानव ही परमात्मा की मूर्ति बनाता है। मानव ही मूर्ति में संस्कार देकर साक्षात परमात्मा बनाता है। जिनकी भक्ति करके, अंतरंग व बहिरंग भक्ति करके भक्त भी पुरूषार्थ करके, वास्तविक भक्ति करके एक दिन स्वयं ही भगवान बन जाता है। जिसे सारी सृष्टि नमस्कार करती है। धर्मसभा में मंगलमय वातावरण के लिए मंगलाचरण दीप प्रज्जवलन, पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट का सौभाग्य प्रवीन जैन को मिला। मंच संचालन राहुल जैन इसौली ने किया।