अफसरों ने की अनसुनी तो खुद उठाए फावड़े
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : वो भी क्या करते। महीनों गुजर गए। कॉलोनी की मुख्य सड़क पर भी पानी भरा हुआ
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : वो भी क्या करते। महीनों गुजर गए। कॉलोनी की मुख्य सड़क पर भी पानी भरा हुआ था। नाले पूरी तरह चोक पड़े थे। जलभराव से बीमारियों का खतरा बढ़ रहा था। कई बार नगर निगम में गुहार लगाई, लेकिन न तो सफाईकर्मी ही आए, न ही कोई व्यवस्था। सिर्फ आश्वासन मिलते रहे। इधर मुहल्ले में बुखार एवं अन्य मर्ज भी बढ़ रहे थे। ऐसे में क्षेत्रीयजनों की समस्या बढ़ती जा रही थी। आखिर जब पानी हद से गुजरने लगा तो कालोनी के ही लोगों ने फावडे़ उठा कर सफाई कर दी।
काशीराम आवासीय कॉलोनी गढ़ी छत्रपति कई दिनों से समस्याओं से जूझ रही है। मुख्य सड़क पर ही पानी भरा हुआ है तो नालियां भी चोक थी। इससे पूरे मुहल्ले में दुर्गंध की स्थिति रहती थी। कई मुस्लिम परिवार भी यहां पर निवास करते हैं। ईद का त्यौहार निकट था। मुहल्ले में आने वाले दिनों में तीन परिवारों में शादियां भी हैं। बरात आएंगी तो रिश्तेदार भी आएंगे। ऐसे में जब नगर निगम से कोई समाधान न निकलते देखा तो मुहल्लेवासी खुद एकजुट हो गए। मुहल्लेवासियों ने योजना बनाई। खुद ही सफाई की जाए। मुस्लिम एवं सलमान ने बात उठाई तो सोनू, विशाल सहित अन्य भी साथ में आ गए। कुछ ही देर में इधर उधर से मांग कर फावड़ों की व्यवस्था की गई। जलभराव की असल समस्या नाला बंद होना था, ऐसे में इन्होंने खुद ही नालों की सफाई करना शुरू कर दिया। कॉलोनी के अन्य बा¨शदों ने जब पड़ोसियों को सफाई करते देखा तो वह भी मदद करने पहुंच गए। करीब दो-तीन घंटे की मेहनत के बाद में क्षेत्रीयजनों ने खुद ही नालियों की सफाई की।
-नगर निगम से की है मांग :
क्षेत्रीयजनों का कहना है नालियों की तो सफाई कर ली है, लेकिन नाले की सफाई जेसीबी से ही हो सकती है। उन्होने नगर निगम से मांग की है कि कम से कम नगर निगम नाले की सफाई तो करा दे।
पार्कों में भी बिखरी पड़ी है गंदगी :
गढ़ी छत्रपति कॉलोनी में नगर निगम व्यवस्था बनाने के बजाए अव्यवस्थाएं फैला रहा है। सफाई करने के नाम पर पटिया भी उठाकर अलग रख दी, लेकिन उसके बाद सफाई करने के लिए कर्मचारी नहीं आए। इससे रास्ता भी बंद हो गया है। मुख्य मार्ग से निकलने वाले वाहन अब काशीराम आवासीय कॉलोनी की गलियों से होकर गुजर रहे हैं।