चुनाव में पुलिस, चौराहों पर रहा जाम
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : ग्राम पंचायत चुनाव का असर शुक्रवार को शहर में नजर आया। पुलिस चुनाव की त
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : ग्राम पंचायत चुनाव का असर शुक्रवार को शहर में नजर आया। पुलिस चुनाव की तैयारियों में व्यस्त थी, ऐसे में चौराहों का यातायात भगवान भरोसे रहा। जिन चौराहों पर दो से तीन सिपाही नजर आते थे, वहां पर एक भी सिपाही नहीं था। इसके चलते स्कूलों की छुट्टी और दफ्तरों की छुट्टी के वक्त में शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम के हालात रहे।
शहर के प्रमुख सुभाष तिराहा पर हर वक्त सिपाही और होमगार्ड तैनात रहते हैं। इसके बाद भी यहां पर जाम के हालात रहते हैं। शुक्रवार को चौराहों पर हाल जुदा था। पुलिस फोर्स की ड्यूटी चुनाव में लगी थी। शनिवार को होने वाले चुनाव के लिए फोर्स शुक्रवार सुबह ही मुख्यालय पर पहुंच गया। ऐसे में चौराहों पर सिपाहियों का अभाव रहा। सुभाष तिराहा पर एकमात्र सिपाही के हाथ में यातायात व्यवस्था की कमान थी। इसके चलते यहां पर सुबह से ही जाम के हालात रहे। एक तरफ के यातायात को सिपाही द्वारा व्यवस्थित किया जाता तो दूसरी तरफ वाहन दौड़ पड़ते। दोपहर बाद तक तो हालत यह हो गई कि चौराहा से लेकर फायर ब्रिगेड तक जाम लग गया। एकबारगी तो वाहनों की लाइन ओवर ब्रिज तक पहुंच गई। शाम चार बजे करीब जाम को देखते हुए चौराहा पर ऑटो स्टैंड की व्यवस्था संभालने वाले ठेकेदार को सिपाहियों की मदद के लिए सीटी और डंडा लेकर चौराहा पर एक तरफ यातायात की कमान संभालनी पड़ी। यह हाल सिर्फ एक चौराहा का नहीं रहा। सुहाग नगर चौराहा पर भी कुछ यही हालात थे। यहां पर दिन भर दो सिपाही तैनात रहते हैं लेकिन शुक्रवार को एक भी सिपाही नहीं था। आसफाबाद चौराहा पर भी सिपाहियों का अभाव खला तो शहर के अंदर चौराहों पर भी पुलिस व्यवस्था के नाम पर सन्नाटा पसरा हुआ था।