नगर निगम वार्डों के परिसीमन पर शासन गंभीर
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: पालिका को नगर निगम का दर्जा चार अगस्त 2014 को मिला। नियमानुसार छह माह मे
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: पालिका को नगर निगम का दर्जा चार अगस्त 2014 को मिला। नियमानुसार छह माह में चुनाव होना होता है, मगर नगर निगम बने करीब दस माह होने जा रहे हैं, मगर अभी तक वार्डों का परिसीमन का कार्य भी शुरू नहीं हो सका है।
सूत्रों के अनुसार शासन द्वारा कुछ दिन पूर्व जिला प्रशासन को वार्डों के परिसीमन संबंधी निर्देश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक इस तरफ कोई कार्य नहीं हो रहा है। शनिवार को प्रभारी डीएम मुख्य विकास अधिकारी सुजीत कुमार ने नगर आयुक्त राम औतार रमन से फोन पर वार्डों के परिसीमन के संबंध में चर्चा की। उनका कहना था कि वार्डों के परिसीमन का कार्य अभी तक शुरू हुआ है अथवा नहीं। इस संबंध में नगर आयुक्त रामऔतार रमन का कहना है कि उनके पास अभी इस संबंध में कोई निर्देश नहीं आया है। वार्डों का परिसीमन की पूरी प्रक्रिया होती है। मानक क्या होंगे, इसके तहत ही परिसीमन कार्य शुरू होगा। उन्होंने बताया वह इस संबंध में सीडीओ से मुलाकात कर जानकारी करेंगे। अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार का कहना है कि वार्डों के परिसीमन संबंधी अभी कोई आदेश नहीं आया है। आदेश आने पर नियमानुसार वार्डों के परिसीमन का कार्य कराया जाएगा।
लंबी प्रक्रिया है वार्डों का परिसीमन
वार्डों के परिसीमन लंबी प्रक्रिया है। उसकी अधिसूचना जारी होगी और फिर उस पर आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियां जमा होने के बाद विधिवत उनका निस्तारण किया जाएगा। निस्तारण के बाद अंतिम सूची जारी होगी।
बढ़ सकते हैं 18 वार्ड
नगर निगम में अभी पालिका कार्यकाल के 42 वार्ड हैं। तेरह ग्रामसभाएं भी शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार वार्डों का परिसीमन हुआ तो इनकी संख्या बढ़कर लगभग 60 पहुंच जाएगी।