कांग्रेसियों ने उठाए निगम की कार्यशैली पर सवाल
फीरोजाबाद: जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। जिलाध्यक्ष हरीशंकर
फीरोजाबाद: जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। जिलाध्यक्ष हरीशंकर तिवारी ने कहा नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। ऐसी भीषण गर्मी में जनता पीने के पानी को तरस रही है, लेकिन अधिकारी समस्या सुलझाने के बजाय स्वकर थोपने में जुटे हुए हैं।
हाजी सईद पटेल ने अधिकारियों पर कर्मचारियों पर अंकुश लगाने में असमर्थ होने का आरोप लगाया। कहा अधिकारी सत्तारूढ़ दल के नेताओं की कठपुतली बने हुए हैं। रामप्रकाश बघेल ने कहा नगर निगम की ग्रांट में कटौती हो गई है, लेकिन नगर निगम निजी वाहनों पर डीजल खर्च कर रही है। वहीं वाहनों की खरीद में भी गड़बड़ी की आशंका जताई। गौरव यादव ने चहेतों को ठेका देने और भुगतान का आरोप लगाया। पीके पाराशर ने कर्मचारियों का घर बैठकर वेतन निकालने का आरोप लगाया। वरिष्ठ कांग्रेसी उमाकांत पचौरी और विद्याराम ने कर्मचारियों पर पानी की बिक्री का तथा कर जमा करने को विशेष काउंटर नहीं खोलने की बात कही। बाबूराम निशंक, ओम नरायन कुशवाह ने किराएदारी परिवर्तन मामले में अवैध वसूली का आरोप लगाया।
बी.एल. उपाध्याय ने अधिकारियों पर शिकायतों का निस्तारण नहीं करने की बात कही। बैठक में कांग्रेसियों ने प्रमुख सचिव नगर विकास एवं नियोजन से प्रकरणों की जांचने की मांग की है।