नगर निगम में सफाई टेंडर को बवाल, हंगामा
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: नगर निगम में सफाई कार्य के डाले जा रहे टेंडर के दौरान दो ठेकेदारों मे
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: नगर निगम में सफाई कार्य के डाले जा रहे टेंडर के दौरान दो ठेकेदारों में विवाद हो गया। काफी देर तक नोकझोक के बाद जमकर हंगामा करते हुए टेंडर बॉक्स को फेंक दिया। काफी देर तक हुए विवाद के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी की। इस मामले को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए पूरी रिपोर्ट तलब की है। इस मामले में कार्रवाई होना लगभग तय माना जा रहा है। नगर आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से टेंडर प्रक्रिया निरस्त कर दी है।
नगर निगम द्वारा पूर्व में 400 ठेका सफाई कर्मियों का टेंडर उठाया था। इसकी अवधि मार्च माह तक थी। इसी के तहत सोमवार को नगर निगम में सफाई ठेका कर्मचारियों के लिए टेंडर डाले जा रहे थे। स्वास्थ्य अधिकारी डीके शर्मा और सफाई निरीक्षक श्याम सुंदर की निगरानी में टेंडर डाले जा रहे थे। करीब चार बजे दो ठेकेदारों में टेंडर डालने को लेकर वाद-विवाद होने लगा। काफी देर तक वाद-विवाद के बाद हंगामा शुरू हो गया। इसी दौरान एक ठेकेदार के साथियों ने टेंडर बॉक्स को फुटबाल बना दिया। काफी देर तक जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की सूचना पर नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत किया। मामले की जानकारी डीएम विजय किरन आनंद को हुई तो उन्होंने पूरी रिपोर्ट देर सायं तलब की। सूत्रों के अनुसार इस मामले को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई के मूड में हैं। संभवत: देर रात या मंगलवार सुबह इस मामले में संबंधित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो सकती है। बताते हैं मामले की जानकारी होने पर नगर आयुक्त राम औतार रमन नगर निगम पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले की रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है। नगर आयुक्त ने बताया विवाद ठेकेदार प्रताप गोला और उपेंद्र यादव के बीच होना बताया गया है। विवाद की वजह बाहरी लोगों को ठेका न लेने देना भी मानी जा रही है। उन्होंने बताया टेंडर प्रक्रिया निरस्त कर दी है, अब नए सिरे से टेंडर होंगे।
बाहरी ठेकेदारों के खिलाफ है लामबंदी
नगर निगम में स्थानीय ठेकेदार हावी हैं। ये बाहरी लोगों को ठेका नहीं लेने दे रहे हैं। सफाई कार्य का ठेका लेने धौलपुर से भी एक ठेकेदार आया हुआ था। स्थानीय लोगों को यह जानकारी हुई तो उन्होंने इस तरह का विवाद खड़ा कर दिया। वहीं यह भी बताया गया है कि जिन दो ठेकेदारों में विवाद हुआ है उनमें एक सत्ता पक्ष से जुड़े व्यक्ति के परिवार का बताया गया है।