सीएम के आगमन पर तैयारियों में जुटा प्रशासन
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जनपद आगमन फाइनल हो गया है। जिला प्रश
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : उप्र के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जनपद आगमन फाइनल हो गया है। जिला प्रशासन को इस तरह का पत्र मिलने के साथ ही तैयारियां तेज हो गई है। पूरी प्रशासनिक मशीनरी औचक निरीक्षण की संभावना को लेकर अलर्ट हो गई है। सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
शासन से आए कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 22 अक्टूबर की सुबह शिकोहाबाद आएंगे। उनका हेलीकाप्टर एके कॉलेज के मैदान में बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां से सपा विधायक हरीओम यादव के स्टेशन रोड स्थित आवास पर जाएंगे। वह यहां विधायक की मां महादेवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। यहां से आगरा के बटेश्वर मेले के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में तो केवल दो कार्यक्रम हैं। प्रशासन को आशंका है कि कहीं मुख्यमंत्री औचक निरीक्षण न कर लें। इसे देखते हुए खासकर शिकोहाबाद तहसील क्षेत्र के अधिकारियों को अलर्ट किया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अधिकारी सजग हो गए हैं। स्वास्थ्य विभाग शिकोहाबाद स्थित राजकीय अस्पताल की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुट गया है।
शिकोहाबाद : रविवार को एसपी अजय मोहन शर्मा, एएसपी राकेश पांडे, एएसपी क्राइम संजय यादव हेलीपैड स्थल एके इंटर कालेज पहुंचे। एसपी ने मुख्यमंत्री के आगमन पर स्टेशन रोड स्थित पाली इंटर कालेज चौराहा से एके कालेज के सामने तक मार्ग पर आवागमन बंद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के विधायक आवास से हेलीपैड पर पहुंचने के बाद ही यातायात सुचारु किया जाएगा। इस दौरान जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया जाएगा। विधायक के आवास पर भी सुरक्षा पुख्ता रखी जाएगी। इस संबंध में एसडीएम रवींद्र सिंह ने बताया तैयारियां शुरू हो गई हैं। हेलीपैड को दुरुस्त किया जा रहा है।