सूखे कंठ पुकार रहे पानी, कच्ची गलियां दे रहीं दर्द
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : नगला विष्णु, मेहताब नगर और राम नगर क्षेत्र में पेयजल बड़ी समस्या है। यहां पानी कई मुहल्लों में पहुंचता ही नहीं है। कई जगह पाइप लाइन के कनेक्शन न होने से लोगों के कंठ सूख रहे हैं। पानी लेने को दूर तक दौड़ लगानी पड़ रही है। तमाम गलियां अभी भी कच्ची हैं, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है।
नई आबादी नगला विष्णु और मेहताब नगर में विकास की जरूरत है। यहां मुख्य सड़कें बन चुकी हैं, लेकिन आंतरिक गलियां आज भी कच्ची हैं। सीवर लाइन तो डाली जा चुकी है, लेकिन सड़क निर्माण नहीं हो सका है। ऐसे में नालियां न होने से पानी गलियों में या फिर समीप के प्लॉट आदि में भर रहा है। मेहताब नगर गड्ढा मुहल्ला में नालियों की सफाई न होने से पानी एक प्लॉट में भर रहा है। गंदगी भी बिखरी पड़ी है, जिससे लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। इसी तरह आजाद नगर रामनगर न्यू टावर के पास भी गलियां आज तक नहीं बन सकी हैं। यहां पानी खाली प्लाट में भरा हुआ है, जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। नालियां सिल्ट से अटी पड़ी हैं। सफाई कर्मचारी नहीं आते।
इन मुहल्लों में पेयजल की बड़ी किल्लत है। यहां पाइप लाइन तो बिछी हैं, लेकिन पानी नहीं आता है। मेहताब नगर गड्ढा मुहल्ला के लोगों का कहना है पाइप लाइन बिछी है, लेकिन कनेक्शन नहीं किया जा सका है। कई बार अधिकारियों से मिले, मगर कुछ नहीं हो सका। लोगों को बीहड़ से पीने का पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
यह कहते उपायुक्त
शहर के हर क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे। प्राथमिकता खराब सड़कों का निर्माण होगा। पीने के पानी की समस्या के निदान को जलकल विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
प्रमोद कुमार,उप नगर आयुक्त।
पुलिया टूटी होने से आवागमन बाधित बना हुआ है। पीने के पानी की समस्या है। कई बार शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समस्या का निदान नहीं हो सका है।
पूरन सिंह,
अधिकारी सिर्फ आश्वासन देते हैं। पीने का पानी मुहल्ले में आता नहीं है। काफी दूर से पानी लाना पड़ता है। गलियों में गंदगी पड़ी रहती है। नालियां अस्त-व्यस्त हैं। जनता को सहूलियत देने की तरफ कोई अधिकारी प्रयास नहीं कर रहा है।
-मुन्नी देवी,मेहताब नगर।
उनकी गली कच्ची है। यहां नालियां नहीं हैं। सड़क पर दलदल की स्थिति है। पानी भरा होने से जलभराव की समस्या बनी रहती है। संक्रामक बीमारियां फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
रामौतार यादव,आजाद नगर।
उनके घर के सामने पानी भरा है। सड़क कच्ची होने से दिक्कतें हो रही हैं। पीने का पानी आता नहीं है। नालियों की सफाई करने कोई कर्मचारी नहीं आता। कई बार अधिकारियों को शिकायत दर्ज कराई, मगर कुछ नहीं हुआ।
श्रीमती दुर्गेश कुमारी,
न्यू टावर वाली गली, आजाद नगर।