सफाई न होने पर महिलाओं का हंगामा
फीरोजाबाद, (टूंडला): गुरुवार को गिहार बस्ती में विकास व सफाई कार्य न होने से नाराज महिलाओं ने पालिका प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा किया।
गिहार बस्ती की महिलाओं का आरोप है कि उनके मुहल्ले में बने शौचालय सफाई न होने के कारण जर्जर हालत में है। ऐसे में महिलाओं को खुले में शौच करने जाना पड़ता है। इस कारण उन्हें शर्मिदगी उठानी पड़ती है। कई बार पालिका प्रशासन से विकास कार्य कराने की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बस्ती में एक माह से सफाई कर्मचारी न आने के कारण गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। नालियों में सिल्ट जमा होने से घरों का गंदा पानी गलियों में बह रहा है। मच्छर पनप रहे हैं, जिससे संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। इस दौरान महिलाओं ने हंगामा करते हुए पालिका प्रशासन से बस्ती में विकास कार्य के साथ ही सफाई कराने की मांग की है। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि हरीश चौधरी का कहना है उन्हें आज तक किसी ने समस्या नहीं बताई है। यदि कोई समस्या है तो उसका निदान कराया जाएगा। हंगामा करने वालों में सुनीता देवी, गुड्डी देवी, सरिता देवी, चंदन सिंह, नरेश कुमार, बल्लो देवी, लज्जो देवी, संगीता देवी, बबिता देवी, लल्ला, शारदा देवी, सत्तो देवी, छोटी, नरेश, पूजा, सीमा, अशोक कुमार व बिन्नो देवी आदि प्रमुख हैं।