वर्चस्व की जंग में भिड़े दो गुट, फायरिंग
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद : वर्चस्व को लेकर बुधवार रात दो गुट आमने-सामने आ गए। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। बड़ी संख्या में फोर्स मौके पर पहुंचा तो दोनों गुटों के लोग भाग गए।
मामला थाना उत्तर क्षेत्र का है। थाना क्षेत्र के मुहल्ला बोधाश्रम रोड पर बुधवार देर रात वर्चस्व को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से ताबड़तोड़ फायरिंग होने लगी। अचानक फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आसपास मौजूद लोग जान बचाने को भाग लिए। सूचना पर बड़ी संख्या में कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस के आने की भनक लगते ही दोनों ही गुट के लोग भाग गए। घटना के बाद से क्षेत्रीय लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। क्षेत्रीय जनता ने बताया एक गुट को पुलिस का संरक्षण मिला है, क्योंकि वह पुलिस की मुखबिरी करता है। क्षेत्रीय जनता उसके आतंक से परेशान है। कई लोगों को झूठा फंसाया जा चुका है। पुलिस संरक्षण के कारण उसके हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
चार दिन पूर्व भी हुई थी फायरिंग
थाना उत्तर के मुहल्ला गंज में संट्टा कारोबार में वर्चस्व स्थापित करने को लेकर दो गुटों में जमकर फायरिंग हुई थी। इसमें पुलिस ने मुकदमा भी दर्ज किया था। बताते हैं फायरिंग करने वाला एक पक्ष शातिर है और उस पर कई मुकदमे दर्ज है। उसके आतंक से क्षेत्र की जनता सहमी हुई है। दुकानदार शाम ढलते ही बाजार बंद कर घर चले जाते हैं।
यह कहते इंस्पेक्टर
फायरिंग की सूचना मिली थी। थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई नहीं मिला। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-शशिकांत शर्मा,
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तर।