मौत पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
फीरोजाबाद,(शिकोहाबाद) : झगड़े में मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष जताते हुए उसके खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। थानाध्यक्ष के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
थाना नगला खंगर के ग्राम बामेमऊ गढ़सान निवासी रामब्रेश पुत्र सुघर सिंह को एक सप्ताह पूर्व दबंगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। गंभीर रूप से घायल युवक का उपचार आगरा में चल रहा था। मंगलवार को उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। परिजन शव लेकर गांव आ गए। यहां ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप था दबंगों ने रामब्रेश के साथ मारपीट ही नहीं की थी, बल्कि उसे बाइक के पीछे बांध गांव में घसीटा था। पुलिस ने अशोक, राममुरारी, जयपाल, संदीप एवं वृषभान के खिलाफ मात्र एनसीआर दर्ज की है। पुलिस ने अभी तक मात्र एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। हंगामे की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए शांत किया। इसके बाद ही ग्रामीण युवक का अंतिम संस्कार करने पर राजी हुए। पुलिस सुरक्षा में युवक का अंतिम संस्कार किया गया।