युवक की ईटों से कुचलकर हत्या
फीरोजाबाद, (शिकोहाबाद): नगर के मैनपुरी रोड स्थित पराग डेरी के समीप कंथरी गांव के एक युवक की ईटों से कुचलकर नृशंस हत्या कर दी गई। जानकारी होते ही ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों के विरूद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव कंथरी निवासी स्व. शिवराज सिंह का 22 वर्षीय पुत्र पवन यादव नगर के बड़ा बाजार स्थित एक घी की फर्म पर कार्य करता है। मंगलवार रात नौ बजे ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से घर जा रहा था। रास्ते में पराग डेरी के समीप अज्ञात लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ पीछे करके बांध दिए। उसके सिर और चेहरे पर ईंटों से प्रहार कर उसकी नृशंस हत्या कर दी। हत्यारों ने तब तक उसके सिर और चेहरे को कुचला है जब तक कि उसकी मौत नहीं हो गई। शव के पास ही उसकी साइकिल पड़ी थी। सुबह जब गांव के लोग वहां से गुजरे तो उसकी साइकिल व खाने का टिफिन मौजूद था। पास जाकर देखा तो एक युवक का शव पड़ा हुआ था। उसका चेहरा बुरी तरह से क्षतविक्षित था और बदन पर कपड़े नहीं थे। हत्या की खबर पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। एक घंटे बाद मृतक के परिजन भी पहुंच गए। उन्होंने साइकल एवं टिफिन देखकर मृतक की शिनाख्त पवन के रूप में की। जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन करुण क्रुंदन करते हुए घटना स्थल की तरफ दौड़ लिए। जाम और बवाल की आशंका के चलते पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम गृह भेज दिया। मृतक के भाई ने अज्ञात लोगों के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस हत्या के पीछे अंवैध संबंध मान कर चल रही है।